मंडी में गुरु पर्व पर गूंजे भजन-कीर्तन

By: Jan 5th, 2017 12:05 am

मंडी —  गुरु गोबिंद सिंह के जन्म दिन के उपलक्ष में बुधवार को मंडी में सिख संगतों ने नगर कीर्तन का आयोजन किया, जिसमें हजारों की तादाद में सिख अनुयायियों के अलावा सभी धर्मों के लोगों ने भाग लिया। दिन भर मंडी में गुरुपर्व की चहल पहल रही। इस दौरान शहर को रंगबिरंगी रोशनियों से सजाया गया था। नगर कीर्तन शहर के पड्डल स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा से आरंभ हुआ और बैंडबाजों, ढोल-नगाड़ों के साथ साथ विभिन्न महिला-पुरुषों के जत्थों द्वारा किए जा रहे गुरु गुणगान से गुंजायमान हो रहे आसमां के बीच यह रामनगर के गुरुद्वारों से होकर शहर के कालेज रोड़, थनेहड़ा, गांधी चौक, चौहट्टा, सेरी बाजार होकर फिर से देर शाम गुरुद्वारा पहुंचा। शब्द कीर्तन व गुरु की वाणी से शहर गुरुमयी हो गया। जगह-जगह लोगों ने नगर कीर्तन में भाग लेने वालों के लिए भंडारे लगा रखे थे। इस दौरान खूब जोश भी लोगों में देखा गया। नगर कीर्तन में सिख युवाओं ने गत्तका व अन्य रोमांचक करतबों से सबको आश्चर्यचकित किया व खूब मनोरंजन भी किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App