रोहतांग पर तीन फुट बर्फ, लाहुल शेष विश्व से कटा

By: Jan 7th, 2017 12:40 am

newsकुल्लू – रोहतांग दर्रे पर तीन फुट तक ताजा हिमपात हुआ है। हिमपात के बाद बर्फीली हवाओं से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कुल्लू व लाहुल-स्पीति जिला प्रशासन ने भी लोगों को एहतियात बरतने को कहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह से ही दोनों जिलों की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर दिन भर चलता रहा। रोहतांग दर्रे पर शाम सात बजे तक तीन फुट तक हिमपात दर्ज किया जा चुका था। मनाली तथा लाहुल-स्पीति की चोटियों पर भी दो से तीन फुट के करीब ताजा बर्फबारी हुई है। मढ़ी, सोलंगनाला, वशिष्ठ में सात बजे तक काफी बर्फबारी हुई। मनाली में खबर लिखे जाने तक एक से दो इंच तक बर्फबारी हो चुकी थी। इसके अलावा मणिकर्ण घाटी, गड़सा घाटी, लगघाटी, बंजार, सैंज घाटी की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई है। रोहतांग में बर्फबारी से लाहुल-स्पीति जिला शेष विश्व से कट गया है। जलोड़ी जोत पर हिमपात से बाह्य सराज का जिला मुख्यालय से जलोड़ी जोत वाला संपर्क कट चुका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App