विक्रमादित्य पर भाजयुमो का हल्ला बोल

By: Jan 5th, 2017 12:07 am

newsचंबा —  भाजयुमो की चंबा जिला इकाई ने बुधवार को शहर में रैली निकालकर प्रदेश युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ  हल्ला बोला। स्थानीय परिधि गृह परिसर से युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विरोधी नारों के बीच आरंभ हुई रैली टैक्सी स्टैंड से गुजरती हुई मुख्य चौक तक गई। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विक्रमादित्य सिंह को सलाह दी है वह अनुराग ठाकुर जैसे नेता के खिलाफ  किसी भी तरह की टिप्पणी करने से पहले अपना कद समझें। भाजयुमो का कहना है कि अनुराग ठाकुर ने अपनी बेहतरीन कार्यशैली से जहां राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल को नई पहचान दी है , वहीं विक्रमादित्य सिंह राजनीति में अभी अपनी जमीन तलाश रहे हैं। उन्होंने विक्रमादित्य सिंह को सलाह दी है कि वह भाजपा पर तलख टिप्पणियां करने की बजाय कांग्रेस की कारागुजारियों पर नजर दौड़ाएं, क्योंकि कांग्रेस की करनी व कथनी के अंतर को अब पूरा प्रदेश जान चुका है। इससे पहले भाजयुमो की चंबा जिला इकाई की एक बैठक प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं चंबा जिला के वन बूथ टेन यूथ अभियान प्रभारी विपिन नैहरिया की देखरेख में संपन्न हुई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जानकारी दी कि 20 जनवरी को कांगड़ा जिला के रैत में होने वाले त्रिदेव सम्मलेन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कार्यकर्ताआं में जोश भरने आ रहे हैं। इस मौके पर भाजयुमो के जिला प्रधान विनायक रैणा, महामंत्री अनिल कुमार, रविंद्र कुमार, मीडिया प्रभारी अनिल सुलाखरिया, जिला प्रवक्ता नीतिमा नीरू, जिला उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, विदल शर्मा, स्वरूप कुमार, विक्रम, प्रेस सचिव दयाशंकर प्रसाद व सोशल मीडिया संयोजक अमित भारद्वाज सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App