सर्दियों में क्‍यों रहते हैं हाथ पैर ठंडे

By: Jan 28th, 2017 12:05 am

सर्दियों के मौसम में हाथ-पैरों का ठंडा होना सामान्य है। यूं भी ठंड का सामना करने की क्षमता हर व्यक्ति की अलग होती है। पर कुछ लोग हल्की सी ठंड भी बर्दाश्त नहीं कर पाते। उनकी अंगुलियां हर समय ठंडी रहती हैं। ऐसा होना कुछ और बातों की ओर भी इशारा करता है, जिन्हें  समझना जरूरी है। खासतौर पर महिलाएं इसकी अधिक शिकार होती हैं।  हाथ और पैर ठंडे रहने के पीछे कई और कारण भी हो सकते हैं।

जानें क्या हैं वे कारण

यह सत्य है कि आपके शरीर व आसपास का तापमान स्वाभाविक प्रतिक्रिया के रूप में हाथ व पैरों को ठंडा कर सकता है। हालांकि यह किसी चिकित्सीय परिस्थिति के कारण भी हो सकता है। यहां तक कि कमजोर रक्त परिसंचरण तथा हाथ या पैर में छोटी रक्त वाहिकाओं के कारण भी ऐसा हो सकता है।

कारण- यदि सर्दियों के मौसम में कभी-कभी ही आपके हाथ व पैर ठंडे रहते हैं तो चिंता की कोई बात नहीं है, लेकिन पूरे मौसम या साल लगातार हाथ व पैर ठंडे रहें अधिकांशतः सर्दियों में, तो आपको इसके सभी संभावित कारणों पर विचार करना चाहिए। क्योंकि इसके पीछे मधुमेह, कमजोर रक्त परिसंचरण, ल्यूपस, थाइराइड, तंत्रिका तंत्र संबंधी विकार, एनीमिया, त्वग्काठिन्य और शीतदंश आदि बीमारियां हो सकती हैं।

फ्रास्टबाइट- हालांकि यह कारण बहुत ही विरला होता है, लेकिन फ्रास्टबाइट के कारण भी हमेशा हाथ व पैर ठंडे रहते हैं। गंभीर फ्रास्टबाइट मांसपेशियों, टेंडोन्स, रक्त वाहिकाओं तथा नसों को नुकसान पहुंचाने लगता है और हाथ व पैर ठंडे होने लगते हैं।

एनीमिया- इसका एक और संभावित कारण एनीमिया भी हो सकता है। शरीर में आयरन की कमी के लक्षणों में हाथ व पैरों का ठंडा रहना भी शामिल होता है। यदि आपके हाथ लगातार ठंडे रहते हैं तो आपको अपने आयरन के स्तर की जांच करानी चाहिए। इसके अलावा आयरन युक्त स्वस्थ खाद्य पदार्थों के चयन के लिए अपने आहार विशेषज्ञ से संपर्क करें।

क्या करें- अपने डाक्टर के साथ स्थिति पर चर्चा के अलावा, आपको अपनी जीवन शैली में भी कुछ परिवर्तन करना चाहिए। जैसे धूम्रपान बंद करें  साथ ही शराब और कैफीन के सेवन को भी कम कर दें। क्योंकि ये लक्षणों को और ज्यादा खराब बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वस्थ आहार और अपने भोजन में अधिक विटामिन और खनिज लें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App