सलमान बड़ा या कानून

By: Jan 21st, 2017 12:01 am

( शगुन हंस, योल )

भारत जितना बड़ा लोकतंत्र, उसका उतना ही पंगु कानून। हर किसी के लिए अलग कानून। सच कहो तो कानून सिर्फ छोटे और दबे-कुचले लोगों के लिए है। अमीर लोगों के लिए, फिल्म स्टार और क्रिकेट स्टार के लिए कोई कानून नहीं। कुछ अरसा पहले सलमान को जेल जाने के कोर्ट ने आदेश दिए थे और दो घंटे में ही उनकी जमानत भी हो गई। आम आदमी होता, तो दो घंटे क्या दो महीनों तक बेल के लिए भटकता रहता। अभी सलमान खान को आर्म्स एक्ट में बरी होने का फैसला आया। सलमान डेढ़ घंटा लेट कोर्ट में पहुंचे। जज को डेढ़ घंटा इंतजार करना पड़ा और सलमान सिर्फ सात मिनट ही कोर्ट में रुके। समझ नहीं आ रहा सलमान बड़ा है या कानून। एक दूसरे मामले में संजय दत्त कितनी ही बार पैरोल पर जेल से बाहर रहे, जबकि आम कैदी को इतनी बार पैरोल नहीं मिलती। यह सब तो यही बताता है कि भारत में हर किसी के लिए अलग नियम कानून हैं। कानून का दायरा सबके लिए एक हो जाए, तो देश की कई समस्याएं ऐसे ही खत्म हो जाएं, पर करेगा कौन। निर्भया को आज भी न्याय नहीं मिला, आरुषि मर्डर केस भी चल रहा है। इस ढर्रे को बदलना होगा। हर किसी केस को हल करने की एक समय सीमा बांधनी होगी, वरना हम चले जाएंगे, पर केस चलते रहें।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App