सोने में मामूली तो चांदी में बड़ी गिरावट

By: Jan 7th, 2017 12:05 am

newsनई दिल्ली —  वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में गिरावट से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 10 रुपए फिसलकर 28,710रुपए तथा चांदी 500 रुपए की बड़ी गिरावट के साथ 40,100 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। लंदन में गुरुवार को एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद सोना हाजिर 2.70 डॉलर लुढ़ककर 1,177.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। फरवरी का अमेरीकी सोना वायदा भी 3.1 डॉलर टूटकर 1,178.5 डॉलर प्रति औंस के भाव बिका। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर में तेजी लौटने से पीली धातु पर दबाव रहा। डॉलर के दाम बढ़ने से अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए सोने का आयात महंगा हो जाता है। इससे मांग उतरने से सोना सस्ता होता है। निवेशकों की नजर अब अमेरीका के रोजगार के आंकड़े पर है। लंदन में चांदी हाजिर 0.09 डॉलर उतरकर 16.49 डॉलर प्रति औंस पर रही। स्थानीय स्तर पर सोने की मांग अब भी सुस्त बनी हुई है। गत दिवस की तेजी बाद 10 रुपए की मामूली गिरावट के साथ सोना स्टैंडर्ड 28,710 रुपए प्रति दस ग्राम तथा सोना बिटुर 28,560 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी गत दिवस के 24,200 रुपए पर टिकी रही। चांदी में बड़ी गिरावट देखी गई। चांदी हाजिर 500 रुपए लुढ़ककर 40100 रुपए प्रति किलोग्राम तथा चांदी वायदा 490 रुपए टूटकर 40,110 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमशः 71 हजार तथा 72 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रही। कारोबारियों ने बताया कि स्थानीय बाजार में अभी मांग सुस्त बनी हुई है। इस बीच वैश्विक उतार-चढ़ाव से दोनों कीमती धातुओं के दाम पर असर देखा जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App