हरियाणा में निःशुल्क जांचे नेत्र

By: Jan 2nd, 2017 12:02 am

चंडीगढ़ – हरियाणा के राहत ग्रुप ने रविवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया। शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा यादव धर्मशाला, महेंद्रगढ़ में राहत ग्रुप के संयोजन से आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में बतौर मुख्यातिथि पधारे। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमें मानव की भलाई के कार्य करने चाहिए। उन्होंने यादव सभा महेंद्रगढ़ को लैपटॉप का बटन दबाकर डिजिटल अभियान की शुरुआत की। यादव सभा का पूरा कार्य ऑनलाइन देखा जा सकेगा। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल अभियान को आगे बढ़ाने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल कार्य से देश के हर कार्य में पारदर्शिता आएगी। ईमानदार लोगों को इस अभियान से लाभ होगा, वहीं बेइमानों का समय समाप्त होगा। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गांवों में 33 प्रतिशत अधिक घर मनाए जाएंगे, जिनको बनाने के लिए नौ लाख का कर्ज चार प्रतिशत की छूट पर मिलेगा। किसानों के क्रेडिट कार्डों में बदलाव होगा, जिससे किसानों को लाभ होगा। किसानों की फसल का 60 दिनों का ब्याज स्वयं सरकार ने वहन करते हुए किसानों को बड़ी राहत दी है। देश के 650 जिलों में गर्भवती महिलाओं के लिए 6000 रुपए की राशी अब उनके खाते में आएगी। महेंद्रगढ़-भिवानी के सांसद चौधरी धर्मवीर ने भी इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर के आयोजकों की प्रशंसा करते हुए इसे पुण्य का कार्य बताया। शिक्षामंत्री रामविलास शर्मा ने अपने निजी कोश से पांच लाख रुपए तथा सरकार की तरफ  से 30 लाख रुपए देने की घोषणा की, वहीं सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने 21 लाख रुपए पुस्तकालय के लिए देने की घोषणा की। आरपीएस ग्रुप के चेयरमैन डा.ओपी यादव ने भी आंखों के दो कैंपों के आयोजन का खर्च वहन करने के साथ-साथ दो लाख रुपए नकद देने की घोषणा की। वर्ष 2009 से चला है निःशुल्क नेत्र जांच शिविर राहत ग्रुप वर्ष 2009 से यादव सभा के प्रांगण में निःशुल्क नेत्र जांच शिविरों का आयोजन करता आ रहा है। रविवार को ग्रुप ने 90वें कैंप का आयोजन किया। अब 60 पीडि़त इससे लाभ उठा चुके हैं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App