उत्तर प्रदेश में बीजेपी की आंधी

By: Feb 25th, 2017 12:03 am

अमित शाह बोले, दो तिहाई बहुमत से बनाएंगे सरकार 

newsआजमगढ़- भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने  दावा किया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल कर उनकी पार्टी सरकार बनाएगी।  जिला के निज़ामाबाद विधानसभा क्षेत्र में एक सभा को संबोधित करते श्री शाह ने कहा कि सूबे में भाजपा की आंधी चल रही है और 11 मार्च को चुनाव नतीजे आने पर समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का सूपड़ा साफ हो जाएगा, जबकि भाजपा को पूर्ण बहुमत हासिल होगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने आज़ादी के बाद पिछले 60 सालों तक देश को जमकर लूटा। श्री मनमोहन सिंह का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दस सालों तक एक गूंगा प्रधानमंत्री दिया।  भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 15 सालों में सपा और बसपा ने उत्तर प्रदेश को बरबादी की गर्त में ढकेल दिया।  अब दो शहजादे इकठ्ठा हो गए हैं। एक से बाप परेशान है एक से मां परेशान है। दोनों से उत्तर प्रदेश परेशान है।  श्री शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को सपा सरकार को उखाडकर फेंक देना चाहिए और साफ सुथरी छवि वाली भाजपा को मौका देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अच्छे दिन आएंगे जब 11 मार्च को एक बजे सपा की सरकार  खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही उत्तर प्रदेश में कत्लखाने उसी रात को 12 बजे से बंद हो जाएंगे ताकि गो हत्या बंद हो जाए। भाजपा प्रदेश में निरीह गोवंशी के खून का खेल नहीं होने देगी बल्कि उनके दूध की नदियां बहेंगी। प्रदेश में 40 डेरी, 50 मेडिकल कालेज, 80 इंजीनियरिंग कालेज खोले जाएंगे, ताकि प्रदेश के लोगों को रोजगार मिल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App