ऊना-मकलोडगंज में पौने तीन लाख की ठगी

By: Feb 17th, 2017 12:15 am

शातिर ने संतोषगढ़ के ग्रामीण को लगाया चूना, पंजाब में ऑनलाइन शापिंग

newsऊना— जिला ऊना के संतोषगढ़ में एक व्यक्ति लाखों की ठगी का शिकार हुआ है। शातिर ने पीडि़त व्यक्ति को चकमा देकर एटीएम कार्ड बदल लिया। शातिर ने बड़ी चतुराई से  एटीएम के  पिन कोड की जानकारी भी हासिल कर ली। करीब पांच दिनों तक शातिर ने मजे से पंजाब के कई स्थानों पर शापिंग की।  पीडि़त ने पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज  करवा दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को पुलिस ने खंगालना शुरू कर दिया है।  संतोषगढ़ में शातिर ने एटीएम बदलकर दो लाख 18 हजार रुपए की ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पीडि़त ने मामले की शिकायत संतोषगढ़ पुलिस चौकी में दर्ज करवा दी है। शिकायतकर्ता जसबिंद्र सिंह ने बताया कि उनका एटीएम बदलकर किसी शातिर ने उनके खाते से अलग-अलग स्थानों पर एटीम का प्रयोग कर राशि निकाली है।  पीडि़त ने बताया कि उनके खाते में दो लाख 18 हजार 910 रुपए थे। जब वह एटीएम में राशि निकालने गए तो एटीएम में बैलेंस इन्क्वायरी करने पर 16 रुपए की राशि शेष बची थी, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि इस मामले में जब बैंक में पता किया गया तो यह पाया गया कि शातिर ने आठ फरवरी को 10 हजार की राशि निकाली है। इसी दिन एटीएम से 25 हजार की राशि को इसी अकाउंट से अन्य अकाउंट में स्थानांतरित किया गया है। आठ फरवरी को ही 29 हजार रुपए की शापिंग पर पैसा खर्च किया गया है। इस दिन ही एक बार दो हजार, पांच बार दो हजार 20 रुपए की राशि निकलवाई गई है। शातिर ठग ने नौ फरवरी को 25 हजार  किसी खाते में स्थानांतरित किया है। इसी दिन 10 हजार 20 रुपए निकाले। 10 फरवरी को 40 हजार की  शापिंग ,  5154 व चार हजार रुपए की ऑनलाइन शॉपिंग की गई है। 11 फरवरी को 60 हजार  की शॉपिंग की गई। 12 फरवरी को इसी खाते में से 22 हजार 500 की राशि किसी अन्य खाते में ट्रांसफर की गई है। 12 फरवरी को ही सौ रुपए की राशि ट्रांसफर की गई है। अब उनका बैलेंस 16 रुपए 78 पैसे रह गया है।  पुलिस अधीक्षक ऊना अनुपम शर्मा  ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीडि़त ने पुलिस से शीघ्र आरोपी को पकड़ने की गुहार लगाई है।

अकाउंट बंद होने के बहाने महिला को लिया झांसे में

धर्मशाला— पर्यटन नगरी मकलोडगंज में एक महिला के बैंक खाते से शातिरों ने 50 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी की है। बैंक अधिकारी बन कर शातिरों ने महिला के बैंक अकाउंट के बंद होने की बात कह कर खाते की पूरी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद शातिरों ने महिला के खाते से 50 हजार रुपए निकाल लिए।  भागसूनाग निवासी राजेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को उनकी पत्नी के फोन पर शातिरों की कॉल आई थी। शातिरों ने उनकी पत्नी से बैंक अधिकारी बनकर बात की। इस दौरान शातिरों ने कहा कि उनके  खाता बंद होने वाला है तथा इसको चलाए रखने के लिए खाते से जुड़ी पूरी जानकारी देनी होगी।   उनकी पत्नी ने  शातिर को बैंक अधिकारी समझकर पूरी जानकारी उपलब्ध करवा दी। बैंक खाते की पूरी जानकारी उपलब्ध करवाने के बाद ही उनके खाते से पैसे निकलने आरंभ हो गए। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी उन्हें तब मिली जब उनके खातों से पैसे निकलने का एसएमएस आया, जिसके बाद वह तुरंत सबंधित बैंक के कार्यालय में धर्मशाला पहुंच गए। राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि बैंक में पहुंचकर जब उन्होंने बैंक कर्मियों को खाता बंद करने की बात कही तो बैंक कर्मियों ने इसके लिए प्रक्रिया को पूरा करने तथा पत्नी को साथ लाने की बात कही।  उन्होंने कहा कि वह दोबारा मकलोडगंज पहुंचे तथा वहां स्थित संबंधित बैंक की शाखा में इस पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उक्त बैंक शाखा कर्मियों ने खाते को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि खाता बंद करवाने तक शातिरों ने अकाउंट से 50 हजार रुपए  निकाल लिए थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस में भी शिकायत दर्ज करवाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App