चार-पांच को भारी बारिश-बर्फबारी

By: Feb 2nd, 2017 12:01 am

शिमला — जनवरी के पहले सप्ताह में हुई बर्फबारी के बाद पहाड़ों की रानी शिमला में अब जनजीवन पूरी तरह पटरी पर लौट आया है, लेकिन अगले दो दिनों के बाद एक बार फिर भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि दो और तीन फरवरी को प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन चार फरवरी से एक बार फिर मौसम के मिजाज तल्ख होंगे। इस दौरान मैदानी इलाकों में  बारिश होगी तो मध्यम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होगी। बारिश और बर्फबारी का यह सिलसिला चार से छह फरवरी तक जारी रहेगा,जबकि चार व पांच को मध्यम और ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है।  बुधवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में  दिन की शुरुआत खिली धूप से हुई और दोपहर को भी मौसम साफ रहा। सर्द हवाओं के बीच लोगों ने खिली धूप का आनंद उठाया।  मौसम विभाग की मानें तो  सात फरवरी से पहाड़ों पर कुछ राहत की उम्मीदें हैं। बुधवार को पिछले 24 घंटे के दौरान शिमला का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वही अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह खबर की पुष्टि की है ।

तीन क्षेत्र माइनस में

प्रदेश में कल्पा, केलांग और मनाली का न्यूनतम तापमान अभी भी माइनस में चल रहा है। बुधवार को पिछले 24 घंटों के दौरान कल्पा में माइनस 1.6, मनाली में भी माइनस 1.6 और केलांग में माइनस 11.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

ऊना सबसे गर्म

बुधवार को ऊना का तापमान सबसे अधिक रिकार्ड किया गया। ऊना का अधिकतम तापमान 24.8 रिकार्ड  किया गया, जबकि सुंदरनगर 21.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह अन्य जिलों के तापामन में भी दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

तापमान पर नजर

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    15.1       4.9

सुंदरनगर  21.7       4.0

भुंतर       21.2       3.0

कल्पा     4.2        -1.6

धर्मशाला   15.2       7.4

ऊना       24.8       7.6

नाहन      18.3       7.4

सोलन     19.4       4.0


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App