चुनाव बाद किससे करेंगे गठबंधन

By: Feb 26th, 2017 12:01 am

भाजपा के विजय बहादुर पाठक ने राहुल गांधी से पूछा सवाल

लखनऊ— कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) से हर रोज एक सवाल पूछने वाली भाजपा ने शनिवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से पूछा है कि वह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी किससे गठबंधन करेंगी। भाजपा प्रदेश महासचिव विजय बहादुर पाठक ने पूछा कि श्री गांधी किस पार्टी के साथ गठबंधन कर सूबे में सरकार बनाने में अहम भूमिका का निर्वाह करेंगे। श्री गांधी ने हाल ही में दिए साक्षात्कार में कहा था कि विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस सूबे में सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। श्री पाठक ने पूछा कि क्या श्री गांधी समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ ही गठबंधन रखेंगे या परदे के पीछे बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ जाएंगे। श्री पाठक ने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन का भविष्य अधर में है। अमेठी विधानसभा सीट पर दोनों पार्टियों के प्रत्याशी एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ना इस गठबंधन का असली चेहरा दर्शाता है। श्री पाठक ने दावा किया कि श्री गांधी ने एक रैली को संबोधित करते हुए बेरोजगारी राज्य में वास्तविक समस्या है, कहकर एक तरह से सपा पर ही हमला किया था। उन्होंने कहा कि श्री गांधी के बारे में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने श्री राहुल को राजनीति का अनुभव नहीं बताकर सब साफ कर दिया है। अगर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का अपने शीर्ष नेतृत्व के बारे में ऐसी राय हैै तोे, भगवान ही उस पार्टी को बचाए।

चुनाव खर्च का विवरण न देने पर केस

बस्ती — उत्तर प्रदेश में बस्ती जिला की रूधौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहें मोस्ट बैकवर्ड क्लासेस ऑफ इंडिया के प्रत्याशी ब्रह्मानंद विश्वकर्मा के विरुद्ध चुनाव खर्च का विवरण नहीं देने पर चुनाव अधिकारी द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया है कि  रूधौली के चुनाव अधिकारी, उपजिला अधिकारी द्वारा व्यय विवरण न देने पर ब्रह्मानंद विश्वकर्मा के विरुद्ध सोनहा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App