सोई सरकार को जगाने के लिए…कैंडल मार्च

By: Feb 15th, 2017 12:07 am

newsबिलासपुर —  बिलासपुर शहर में युवकों के साथ हुई मारपीट की घटना के दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा ने मंगलवार को कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। भाजपा ने प्रदेश सरकार व पुलिस प्रशासन को स्पष्ट रूप से चेतावनी भी दे डाली है कि यदि समय रहते इस पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा द्वारा इस विरोध आंदोलन को पूरे प्रदेश में शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में एकत्रित हुए थे। इसके बाद श्री नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा और पूर्व सांसद सुरेश चंदेल की अगवाई ने जिला व पुलिस प्रशासन सहित प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में सैकड़ों की संख्या में एकत्रित भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक रणधीर शर्मा और सुरेश चंदेल ने कहा कि प्रदेश में सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। विधायक के संरक्षण में नशाखोरों और गुंडा तत्त्वों को बढ़ावा दिया जा रहा है। आम जनता के साथ मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।  विकास की बातें करने वाले मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों को बढ़ावा दे रहे हैं। सदर विधायक द्वारा सरेआम आम नागरिकों को डराया-धमकाया जा रहा है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री जनता के बजाय उनका पक्ष ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी ने पुलिस प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी है। हैरानी की बात है कि पुलिस मामले के दोषियों को बचाने में लगी हुई है। इस दौरान सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से होते हुए मेन मार्केट, गांधी मार्केट के बाद गुरुद्वारा चौक पर भी विधायक और कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App