कुफरी मार्ग हुआ बंद

By: Mar 11th, 2017 12:05 am

कंडाघाट —  शुक्रवार को हुई बर्फ बारी के चलते क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। चायल में शुक्रवार को लगातार तीन घंटे तक बर्फ बारी होती रही। वहीं चायल-शिमला वाया कुफरी मार्ग पर भारी बर्फ बारी के चलते ये मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया। मार्ग बंद होने के चलते चायल से शिमला जाने वाली सभी बसें चायल बस स्टैंड पर खड़ी रही। जानकारी के अनुसार पर्यटन नगरी चायल में शुक्रवार को हुई बर्फ बारी के चलते आसपास की ऊंची पहाडि़यां सफेद चादर में लिपट गई। पर्यटन नगरी चायल में इस से पहले 35 साल पहले मार्च के महीने में बर्फ बारी हुई थी। मार्च के महीने में चायल में बर्फ बारी होने पर जहां एक ओर क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है, वहीं दूसरी तरफ निचले राज्यों के पर्यटकों ने भी बर्फ  के दीदार के लिए चायल का रुख कर लिया। शुक्रवार सुबह दस बजे के करीब बर्फ बारी शुरू हो गई थी। बर्फ  गिरने का ये सिलसिला एक बजे तक चलता रहा। चायल में शुक्रवार को पड़ी बर्फ के दौरान क्षेत्र के लोगों ने भी बर्फ के साथ खेल कर खूब आनंद लिया। चायल के प्रधान महेश व सकोड़ी पंचायत के प्रधान सुरेंद्र ने बताया कि 32 साल पहले मार्च महीने में चायल में बर्फ बारी हुई थी। चायल में हुई बर्फ बारी के चलते जहां लोगों में खुशी है, वहीं पूरा का पूरा क्षेत्र ठंड की चपेट में आ गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App