दिव्यांगों को जल्द दें नौकरी

By: Mar 21st, 2017 12:15 am

सरकार ने सभी विभागों को सीधी भर्ती के साथ बैकलॉग भरने के दिए आदेश

news शिमला —  शारीरिक रूप से अक्षम व्यक्तियों के सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के लिए सरकार विशेष अभियान चलाने जा रही है। प्रदेश सरकार ने सभी विभागों को आदेश जारी कर दिए हैं कि अक्षम व्यक्तियों के कोटे के हिसाब से खाली पड़े पदों को तुरंत भरा जाए और इसकी विस्तृत जानकारी कार्मिक विभाग को दी जाए। कार्मिक विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की ओर से सभी विभागीय सचिवों, मंडलायुक्तों, विभागाध्यक्षों, सार्वजनिक उपक्रमों के अध्यक्षों व प्रबंध निदेशकों को ये आदेश भेजे गए हैं। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से सीधी भर्ती के साथ अक्षम लोगों के बैकलॉग को भरने की मांग की जा रही है। कई संगठनों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पिछले माह दृष्टिहीन संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात कर अपने कोटे के खाली पदों के बैकलॉग को भरने की मांग उठाई थी, जिस पर सरकार ने आदेश भी दिए थे। दृष्टिहीन संघ ने इस मांग को लेकर कई दिनों तक आंदोलन भी किया था। इसी तरह से कई दूसरे संगठन भी ऐसे मामलों को लेकर आंदोलनरत रहे, लेकिन सालों से सरकार बैकलॉग से पद नहीं भर पाई है। अब सभी विभागों, बोर्डों व निगमों को आदेश दिए गए हैं कि वे शारीरिक रूप से अक्षम लोगों के लिए सीधी भर्ती में रखे गए कोटे के मुताबिक पद भरें और पुराना बैकलॉग पूरा कर दिया जाए। सरकार के इन आदेशों से कई लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। बता दें कि इन भर्तियों के पुराने कोटे के तहत पहले से लगे कर्मचारियों को उन पदों पर समायोजित भी किया जा सकता है। बहरहाल कार्मिक विभाग ने इसकी प्रोग्रेस रिपोर्ट प्रत्येक विभाग, बोर्ड व निगम से मांगी है।

सभी महकमे सरकार को देंगे रिपोर्ट

सभी विभागों में ऐसे लोगों के लिए पद खाली पड़े हुए हैं, जिन पर भर्तियां नहीं की जा रही थीं। अब एक अभियान के तहत ये भर्तियां की जाएंगी। सभी विभाग सरकार को बताएंगे कि उनके पास किस-किस काडर में कितने पद शारीरिक रूप से अक्षम लोगों के लिए हैं, जिन पर भर्तियां नहीं हो सकी हैं। इन पदों पर भर्तियां करने के लिए वे अभियान चलाएंगे और आने वाले दिनों में यहां नई भर्तियां की जाएंगी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App