भोजन के साथ सलाद जरूर खाएं

By: Mar 11th, 2017 12:05 am

सलाद हमें ताकत तो देता ही है और साथ ही पेट के लिए भी बहुत अच्छा होता है। क्या आप जानते हैं कि आपके सलाद में क्या-क्या शामिल होना चाहिए। सलाद में कई सब्जियां और फल शामिल होते हैं और यह हमें कई प्रकार से स्वास्थ्यवर्द्धक लाभ पहुंचाते हैं। हमेशा ताजे सलाद का ही सेवन करना चाहिए। सलाद आपकी पाचन क्रिया को भी दुरुस्त बनाता है। सलाद में कच्चे फल और सब्जियों का सेवन करने से आप बेहतर महसूस करेंगे। आज हम आपको बताऐंगे कि भोजन के साथ सलाद खाने से क्या-क्या स्वास्थ्य लाभ होते हैं।

कब्ज दूर करता है

सेहतमंद भोजन आपके शरीर को ऊर्जा देता है और इसके साथ सलाद खाने से आपका पेट लंबे समय तक भरा रहता है। सलाद हमारे भोजन में फाइबर की मात्रा को बढ़ाता है, जिससे कोलेस्ट्रॉल और कब्ज की समस्या दूर होती है।

वजन कम करता है

सलाद में कैलोरी कम होती है इसीलिए इससे आपका वजन नियंत्रित रहता है। आपको अपने सलाद में फल, ऑलिव ऑयल और ऐवाकाडो आदि को शामिल करना चाहिए। यह सभी शरीर को आयरन, लिकोपिन, ल्यूटिन जैसे अन्य कई पोषक तत्त्वों को अवशोषित करने में मदद करते हैं। इसके अलावा भोजन करने से पहले उच्च फाइबर युक्त आहार या सलाद का सेवन करने से आपको वजन घटाने में भी मदद मिलती है।

रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है

आप जानते हैं कि सलाद विटामिन, मिनरल्ज से भरपूर होता है। सलाद खाने से इम्युनिटी बढ़ती है, संक्रमण से बचाव होता है। हड्डियां स्वस्थ होती हैं, इसके साथ ही मसूड़ों और त्वचा को रोगों से भी बचाव होता है। सलाद में जख्मों को भरने और रक्त को गाढ़ा बनाने जैसे तत्त्व होते हैं। इनके अलावा कैल्शियम और अन्य कई सारे पोषक तत्त्व भी सलाद में होते हैं।

पोषक तत्त्वों से है भरपूर

कई स्वास्थ्य सलाहकारों की माने तो गहरे रंग के फल और सब्जियां स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायक होते हैं। दरअसल बात यह है कि गहरे रंग के फल और सब्जियों में कैल्शियम और मैगनीश्यिम काफी मात्रा में पाया जाता है। ब्रोकली , पत्ता गोभी और दूसरी पत्तेदार सब्जियां कैल्शियम का अच्छा स्रोत हैं। चुकंदर खून को बढ़ाने का काम करता है, इसके अलावा इसमें प्रचुर मात्रा में फॉलिक एसिड, आयरन और कैल्शियम भी पाए जाते हंै। फलों और सब्जियों से बने सलाद में विटामिन, सोडियम और कैल्शियम पाए जाते हैं। इसलिए सलाद खाने से आप कई तरह की बीमारियों की चपेट में आने से बच सकते हैं।

बार- बार भूख लगने से बचाता है

अगर आपको हमेशा कुछ न कुछ खाने का मन करता रहता है और आपका मन ज्यादातर कुछ मीठा खाने को करता है, तो कैंडीज या चॉकलेट खाने की जगह आपको फलों के सलाद का सेवन करना चाहिए। इससे न सिर्फ  आपकी भूख शांत होगी, बल्कि मुंह का स्वाद भी अच्छा होगा और इससे आपके शरीर में ऊर्जा और ताजागी का संचार भी होगा।

अंकुरित अनाज से बना सलाद

अंकुरित अनाज से बने सलाद में कई सारे पोषक तत्त्व पाए जाते हैं। इसे अपने भोजन में शामिल करके आप स्वस्थ और तरोताजा महसूस करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App