भोरंज में प्रतिष्ठा के लिए होगी जंग

By: Mar 10th, 2017 12:01 am

हमीरपुर —  हिमाचल में सत्ता के संग्राम के लिए नौ अप्रैल को सेमीफाइनल होगा। केंद्रीय चुनाव आयोग ने भोरंज उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। नौ अप्रैल को वोटिंग और 13 को मतगणना होगी। इसी के साथ भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के लिए सत्ता का संग्राम शुरू हो गया है। सत्ता वापसी के लिए कांग्रेस यह उपचुनाव हर हाल में जीतना चाहेगी। हालांकि दो दशकों से यह विधानसभा क्षेत्र भाजपा का दुर्ग रहा है। भाजपा के लिए भी यह उपचुनाव कई मायनों से अहम है। लगातार छह बार की जीत का सिलसिला भाजपा जारी रखना चाहती है। इसके चलते नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल और धीमान परिवार के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल है। भाजपा की तरफ से ईश्वर दास धीमान के बेटे डा. अनिल धीमान टिकट के प्रबल दावेदार हैं। सत्तारूढ़ दल से कृषि मंडी उपज समिति हमीरपुर के अध्यक्ष प्रेम कौशल, सुरेश कुमार और प्रोमिला दावेदारी पेश कर सकती हैं। पूर्व शिक्षा मंत्री ईश्वर दास धीमान के देहांत से रिक्त हुई भोरंज विधानसभा सीट के लिए नौ अप्रैल को उपचुनाव होगा। जानकारी के अनुसार वोटों की गिनती 13 अप्रैल को होगी और 21 मार्च से नामांकन दाखिल होंगे। केंद्रीय चुनाव आयोग ने सभी राज्यों के उपचुनावों की तिथियों का ऐलान कर दिया है। सत्ता पक्ष व विपक्ष के लिए यह उपचुनाव किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं होगा। इस सीट से वरिष्ठ नेता व पूर्व शिक्षा मंत्री ईश्वर दास धीमान वर्ष 1990, 1993, 1998, 2003, 2007 व 2012 में हुए चुनावों में विधानसभा के लिए चुने जाते रहे हैं। पिछले साल उनके देहांत से यह सीट खाली हो गई थी।

लगातार छह बार जीती है भाजपा

भाजपा की ओर से स्व. धीमान के पुत्र डा.अनिल धीमान इस सीट से संभावित प्रत्याशी होंगे, जबकि कांग्रेस में दावेदारों की लिस्ट लंबी है। नियमों के तहत इस सीट को छह माह से ज्यादा समय के लिए खाली नहीं रखा जा सकता। इसके चलते चुनाव आयोग को हर हाल में 17 मई से पहले भोरंज का उपचुनाव करवाना था। इसके संबंध में गुरुवार को यह शेड्यूल जारी किया गया है। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य चुनाव आयोग से इसके लिए जमा दो व मैट्रिक की परीक्षाओं का शेड्यूल भी मांगा था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App