एक नजर

By: Apr 22nd, 2017 12:01 am

देशभर में बिफरे वकील

नई दिल्ली — देशभर के 14 लाख वकीलों ने विधि आयोग की सिफारिशों के खिलाफ शुक्रवार को आधे दिन की हड़ताल की। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने गुरुवार को हड़ताल की घोषणा की थी। उन्होंने  सरकार को चेतावनी दी है कि यदि वकील विरोधी सिफारिशों को खारिज नहीं किया गया तो इसके परिणाम दूरगामी होंगे। यही नहीं आंदोलन और तेज किया जाएगा। बीसीआई के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्र ने बताया कि विधि आयोग की सिफारिशों और वकील अधिनियम (संशोधन) विधेयक-2017 के खिलाफ देशभर में वकील भोजनावकाश के बाद अदालत के कामकाज से दूर रहे।

मिस्र में 19 आईएस आतंकी हलाक

काहिरा — मिस्र के उत्तरी सिनाई प्रांत में हवाई हमले में इस्लामिक स्टेट के तीन शीर्ष नेता सहित 19 सदस्यों की मौत हो गई है। मिस्र की सेना ने यह जानकारी दी है। मिस्र की सेना के इस दावे के जवाब में इस्लामिक स्टेट की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं आई है। सेना ने अपने फेसबुक पेज पर दिए बयान में बताया कि सिनाई आधारित संगठन अंसार बीत अल मकदिस ने सैकड़ों मिस्र की सैनिक और पुलिस की हत्या करने का दावा किया था जिसके खिलाफ हवाई हमले किए गए हैं।

सुलखान यूपी के नए डीजीपी

नई दिल्ली — उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पुलिस और प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए जावीद अहमद को हटाकर सुलखान सिंह को नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बनाया है। सुलखान सिंह पहले प्रशिक्षण मुख्यालय में तैनात थे। नई तैनाती के तहत जावीद अहमद को पीएसी भेज दिया गया है। प्रदेश की नई सरकार ने सात आईएएस अधिकारियों और 12 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया। पुलिस महकमे में कई बड़े पदों पर फेरबदल किया गया है। एडीजी दलजीत सिंह का तबादला करके उनकी जगह आदित्य मिश्र को इस पद पर लाया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App