गर्मी से पहाड़ी इलाके बेहाल

By: Apr 19th, 2017 12:05 am

कुल्लू —  तपती गर्मी से जहां मैदानी क्षेत्रों के लोग बेहाल  हैं, वहीं अब हिमाचल के पहाड़ भी गर्मी से बेहाल होने शुरू हो गए हैं। प्रदेश भर में दिन प्रतिदिन तापमान बढ़ता जा रहा है।  मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ अब पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी अपने तेवर दिखाने शुरू कर रही है। ऐसे में यहां लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे प्रदार्थों का सेवन कर रहे हैं। साथ ही लोग घरों में एसी, पंखे, कूलर का सहारा ले रहे है। बता दें कि पिछले करीब दो सप्ताह से प्रदेश भर में मौसम निरंतर साफ चल रहा है, जिससे प्रदेश भर में प्रचंड गर्मी पड़ रही है।  कुल्लू-मनाली में भी दोपहर के समय अब गर्मी कड़े तेवर दिखा रही है। कुल्लू-मनाली की वादियों में घूमने पहुंच रहे पर्यटक भी गर्मी से निजात पाने के लिए ठंडे पर्यटन स्थलों व पार्कों का रुख कर रहे हैं। जहां पर सैलानी पूरा दिन पेड़ों की छांव के नीचे आराम फरमा रहे हैं। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय जूस आदि का सहारा लेते रहे।    बागबानों-किसानों को भी दोपहर के समय हो रही गर्मी के चलते खेत-खलिहानों में कामकाज करना मुश्किल हो रहा है। बागबानों-किसानों को अपने कृषि संबंधित कार्य सुबह-शाम निपटाने पड़ रहे हैं। उधर, मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश भर में 20 अप्रैल तक ऐसी ही गर्मी रहेगी, जबकि 21 से 22 तक मौसम के करवट बदलने का अनुमान है। इस बीच य३हां गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

आइसक्रीम की दुकानों पर लगी भीड़

शहर में आइसक्रीम की दुकानों पर भी दिनभर भीड़ लग रही है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे प्रदार्थों का सहारा ले रहे हैं।  आइसक्रीम गर्मी से राहत दिला रही है, वहीं गन्ने के जूस का एक गिलास 20 रुपए, तरबूज 40 रुपए प्रति किलो, खीरा सहित अन्य ठंडी चीजों का लोग इन दिनों अधिक सेवन कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App