देवलुओं ने देवता झाकडुनाग संग लगाई पवित्र डुबकी

By: Apr 16th, 2017 12:05 am

आनी— आनी आउटर सिराज क्षेत्र का प्रसिद्ध तीन दिवसीय देव मेला टिपर ध्ूमधाम से मनाया गया। इस मेले में देवता झाकडुनाग गांव टिपर से देवरथ पर सजधज कर देवलुओं संग देव तपोस्थली झाकडुनाग गए। देवता अपनी प्राचीन कोठी में विराजमान हुए। इस तपोस्थली पर एक विशाल झील मौजूद है, जिसका पानी पवित्र माना जाता है। इस पवित्र झील में देवता झाकडुनाग ने देवलुओं संग स्नान भी किया देवता गूर ने देव वाणी से क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए देवता का आह्वान किया। दो दिनों तक लगातार देवतास्थल पर सैकड़ों लोगों ने आराधना की। देवता झाकडुनाग के कारदार सेसराम ठाकुर ने कहा कि देव मेला टिपर सदियों से मनाया जा रहा है। इसी परंपरा को आज भी क्षेत्र की जतना निभा रही है। मेले के अंतिम दिन झाकडु झील से दियार का 100 फुट लंबा पेड़ रस्सियों से बांध कर लाया गया, जिसे पहाड़ी भाषा में पलेइ कहा जाता है। झाकडु झील से गांव टिपर तक इस पलेइ दियार के पेड़ को घसीट कर लाया गया और रात्रि पूजा समय के बाद इस पलेइ को मंदिर परिसर में खड़ा किया गया और गांव के लोगों ने पहाड़ी देवगीत व ढोल नगाड़ों की धुन पर इस यज्ञ को पूरा किया गया। भाजपा युवा नेता सीसरी भीमसेन ठाकुर ने कहा कि जो भी श्रद्धालु इस पवित्र झील में स्नान करता है, देवता के दर्शन करता है उसे सुख-समृद्धि का वरदान मिलता है। महिला मंडल, युवक मंडल, सांस्कृतिक मंडल कोठी, पोखरी, लदैर आदि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देवता झाकडुनाग ने झील की परिक्रमा कर मेले का विधिवत समापन किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App