बाजार में सब्जी मंडी से दस रुपए महंगी सब्जी

By: Apr 25th, 2017 12:05 am

कुल्लू —  जिला कुल्लू की सब्जी मंडियों और दुकानों में सब्जियों के रेटों में काफी अंतर है। दुकानों में सब्जी मंडियों के रेटों के मुकाबले पांच से दस रुपए अधिक सब्जियां बिक रही हैं। सब्जी विक्रेताओं के मनमाने रेटों से लोगों की जेब में सीधी कैंची चल रही है। हालांकि किसान अपनी इन मांगों को कई जगहों पर उठा भी चुके है, लेकिन उसके बाबजूद कई सब्जी विक्रेता किसानों को उनकी फसलों के जानबूझ कर कम दाम और लोगों को ज्यादा दाम में सब्जी बेचकर मोटी चांदी कूट रहे हैं। इतना ही नहीं सब्जी की दुकानों में रेट लिस्ट भी दुकानदारों ने मात्र औपचारिकता के लिए ही लगाई हुई है। कई दुकानदार तो सब्जियों के दाम हर दिन अपडेट भी करना जरूरी नहीं समझते है। कुल्लू की विभिन्न सब्जी मंडियों में किसान कड़ी  मेहनत करके आधी रात को ही सब्जी मंडियों में अपनी फसलों को बेचने आ जाते है, लेकिन कुछ बोलीदाता किसानों को उनकी फसलों की कम बोली लगाते हैं तथा व्यापारियों को सब्जी ज्यादा दाम में बेचते हैं, जिसका सीधा असर किसान पर तो हो ही रहा है साथ ही आम लोगों पर भी  इसका गहरा असर पड़ रहा है। जिला कुल्लू की सीता देवी, नीशा ठाकुर, सवित्रा देवी, किरण लता सहित अन्य गृहणियों का कहना है कि सब्जी मंडियों में जो दाम सब्जी दुकानदारों को चुकाने पड़ते हैं, उसी दामों पर उन्हें भी सब्जियां बेची जानी चाहिएं, ताकि उन्हें हर सब्जी की खरीद-फरोख्त के लिए अतिरिक्त दाम न चुकाने पड़ें।

गिने चुने व्यापारी लगाते हैं रेट लिस्ट

जिला प्रशासन ने हर सब्जी विक्रेता को अपनी दुकान पर सब्जी की रेट लिस्टों को लगाने तथा उसे अपडेट करने के सख्त निर्देश दिए हैं, लेकिन कुल्लू में गिने-चुने व्यापारी भी इन आदेशों की पालना करते हैं। वहीं, अधिकतर व्यापारियों की दुकानों पर तो रेट लिस्ट तक सही नहीं है और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग भी इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है।

सब्जी          मंडी के दाम               दुकानों के दाम

फूलगोभी        15 रुपए                 20 रुपए

शिमला मिर्च    20 रुपए                 30 रुपए

बैंगन             22 रुपए                 32 रुपए

भिंडी             35 रुपए                 40 रुपए

मशरूम           40 रुपए                50 रुपए

करेला            40 रुपए                 50 रुपए

आलू             7 रुपए                   10 रुपए

घिया              15 रुपए                30 रुपए

प्याज              16 रुपए                20 रुपए

टमाटर             30 रुपए                35 रुपए

खीरा              25 रुपए                 30 रुपए

कद्दू               24 रुपए                30 रुपए

मटर              50 रुपए                  60 रुपए

धनिया             80 रुपए            सब्जी के साथ फ्री


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App