मंडी से मार्केट तक… दाम डबल

By: Apr 25th, 2017 12:07 am

हमीरपुर में सब्जी बेचने वाले कूट रहे चांदी, ग्राहकों को चुकानी पड़ रही कीमत

newsnewsnewsहमीरपुर  – हमीरपुर की मंडियों से सब्जियों के बाहर निकलते ही भाव दोगुने हो जाते हैं। कृषि उपज मंडी हमीरपुर से पांच रुपए प्रति किलो की दर से विक्रेताओं को मिलने वाला आलू बाजारों में दस रुपए प्रति किलो  तक बिक रहा है। यही हाल दूसरी सब्जियों का भी है। कृषि उपज मंडी हमीरपुर में सोमवार को प्याज 11 से 14 रुपए प्रति किलो तक अधिकतम विक्रेताओं को बेचा गया, जबकि यही प्याज बाजारों में 20 रुपए प्रति किलो बेचा जा रहा है। टमाटर भी लाल होकर शहर में 50 रुपए प्रति किलो बिक रहा है, जबकि यही टमाटर सब्जी मंडी से 2500 रुपए क्विंटल के हिसाब से दुकानदारों को दिया जा रहा है। भिंडी के दाम भी हर दुकान में अलग-अलग सुनने को मिलते हैं। कुछ दुकानों पर सोमवार को भिंडी 30 तो कुछ पर 40 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिकी है। रामतौरी भी 35 रुपए प्रति किलो के भाव से सब्जी मंडी से निकलते ही बाजारों में 50 रुपए प्रति किलो तक बिक रही है। शहर में कुछेक सब्जी विक्रेताओं को छोड़कर अधिकतर अपनी मनमर्जी पर उतारू हैं। सब्जी विक्रेताओं की मनमानी से ग्राहक भी असमंजस में हैं। यह आलम माल रोड से लेकर भोटा चौक तक बना हुआ है। कुछ विक्रेताओं को विश्वास में लेकर सब्जियों को महंगी दरों पर बेच रहे है। वहीं, शहर की कुछ सब्जी की दुकानों से रेट लिस्ट भी गायब है। ग्रामीण अचलों में अधिकतर दुकानदार बिना इन रेट लिस्ट के ही सब्जियों को बेच मनमाने दाम वसूल चांदी कूट रहे हैं। इसका सीधा फायदा दुकानदारों को पहुंच रहा है, जबकि ग्राहकों को इसका नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में कुछेक सब्जी विक्रेताओं की बढ़ती मनमानी ग्राहकों की जेब पर भारी पड़ रही है। हर कोई अपनी सब्जियों की वैरायटी का तर्क देकर ग्राहकों को विश्वास में ले रहे हैं। ऐसे में दुकानदारों की मनमानी के बीच रोजाना ग्राहक पिस रहा है। जिला भर में सब्जियों के अलग-अलग दाम होने से आमजन को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

कृषि उपज मंडी में सब्जियों के थोक भाव

सब्जी    भाव प्रति किलो

आलू                    न्यूनतम साढ़े चार रुपए और अधिकतम 5 रुपए

करेला                 न्यूनतम 22 रुपए और अधिकतम 28 रुपए

भिंडी                    न्यूनतम 28 रुपए  और अधिकतम 30 रुपए

टमाटर                 न्यूनतम 13 रुपए और अधिकतम 25 रुपए

रामतोरी               35 रुपए

हरा मटर              न्यूनतम 45 रुपए और अधिकतम 50 रुपए

फ्रासबीन              न्यूनतम 30 रुपए और अधिकतम 32 रुपए

कद्दू                     न्यूनतम 5 रुपए और अधिकतम 8 रुपए

शिमला मिर्च       न्यूनतम 12 रुपए और अधिकतम 14 रुपए

घीया                   न्यूनतम 5 रुपए और अधिकतम 7 रुपए

बंद गोभी             न्यूनतम 6 रुपए और अधिकतम 7 रुपए

शहर में सब्जियों के भाव

सब्जी      भाव प्रति किलो

आलू         10 रुपए

करेला       40 रुपए

भिंडी         30 व 40 रुपए

टमाटर     50 रुपए

रामतोरी    50 रुपए

हरा मटर   60 रुपए

फ्रासबीन   50 रुपए

कद्दू            10 रुपए

शिमला मिर्च   20 रुपए

घीया             20 रुपए

बंद गोभी      15 रुपए


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App