27 साल मे सिर्फ वोट लिए

By: Apr 7th, 2017 12:05 am

सीपीएस इंद्रदत्त लखनपाल ने भाजपा पर लगाए आरोप

हमीरपुर  – सीपीएस इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि भाजपा का अति उत्साह ही उन पर भारी पड़ेगा। कांग्रेस प्रत्याशी सादगी के साथ लोगों से वोट मांग रही हैं। इसके विपरीत भाजपा वर्कर मतदाताआें को डरा-धमका रहे हैं। भोरंज की जनता ने दलित की बेटी को अपना समर्थन देने का मन बना लिया है। मुख्यमंत्री की चुनावी सभाआें में उमड़ रही भीड़  से इसके साफ संकेत मिल रहे हैं। इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि भाजपा ने 27 साल तक वोट तो लिए, लेकिन क्षेत्र का विकास नहीं करवाया। भोरंज उपचुनाव में नुक्कड़ सभाआें का संबोधित करते हुए सीपीएस ने कहा कि अब एक मौका कांग्रेस को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को गिराने के भाजपा के नापाक मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। भाजपा को खुद अपने घर को संभालना चाहिए। सीपीएस ने कहा कि चुनाव लोकल मुद्दों पर आधारित होना चाहिए। खेद है कि भोरंज उपचुनाव में विरोधी दल कीचड़ उछाल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रमिला के विधानसभा पहुंचने पर भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विकास को लगा ग्रहण हट जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव भोरंज के मान-सम्मान की लड़ाई है और यहां के जागरूक मतदाता इस बार उन्हें विधानसभा में देखना चाहते हैं, ताकि उनके हितों की लड़ाई जोरदार तरीके से लड़ी जा सके।

परिवारवाद…अपने ही ‘दबोचे’

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा ने कांग्रेसियों को घेरा

हमीरपुर  – प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने भोरंज उपचुनाव में परिवारवाद का मुद्दा उठाकर अपने नेताआें को आड़े हाथों लिया है। सीएम कई दशकों से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र में धर्मपत्नी को टिकट थमा दिया। अब बेटे के लिए जिताऊ सीट ढूंढ रहे हैं और पायलट देने की तैयारी है। भोरंज में कांग्रेस के कर्ता-धर्ता बने नेता अपने और पत्नी के लिए कांग्रेस का टिकट लेते हैं। अब बेटे को एडजस्ट किया जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक इस पार्टी में वंशवाद है। लिहाजा अब भोरंज उपचुनाव में कुछ कांग्रेस नेता इस मुद्दे को उठाकर अपने नेताआें को आईना दिखा रहे हैं। भोरंज विधानसभा क्षेत्र में नुक्कड़ सभाआें को संबोधित करते हुए संसदीय क्षेत्र के प्रभारी रणधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के विकास के लिए कुछ नहीं किया। भोरंज का विकास केवल स्व. आईडी धीमान और पूर्व सीएम प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने करवाया है। आज भोरंज यदि पूरे एशिया में सड़कों के घनत्व की दृष्टि से नंबर वन है, तो यह करिश्मा भाजपा सरकार में हुआ है। भाजपा ने भोरंज में कालेज, बीएड कालेज, करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी और मिनी सचिवालय खुलवाया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App