714 करोड़ की कृषि योजना को दें मंजूरी

By: Apr 25th, 2017 12:02 am

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने की केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह से मांग

देहरादून —  मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह से मुलाकात की। मुख्यमंत्री रावत ने कृषि मंत्री को राज्य में कृषि से संबंधित योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री रावत ने कलस्टर आधारित कृषि से संबंधित सात सौ चौदह करोड़ सत्तर लाख रुपए की सात वर्षीय वाह्य सहायतित (विश्व बैंक पोषित) परियोजना स्वीकृत करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री रावत ने केंद्रीय कृषि मंत्री को अवगत कराया कि प्रदेशवासियों का जीविकोपार्जन कृषि आधारित होने के बावजूद प्रदेश की 88 प्रतिशत कृषि असिंचित है। प्रदेश के लगभग 91 प्रतिशत कृषक सीमांत एवं लघु श्रेणी के हैं। कृषि क्षेत्र में नवीनतम तकनीक के प्रयोग में कमी के चलते कृषि उत्पादन में आशातीत सफलता नहीं मिल पा रही है। मुख्यमंत्री रावत ने बताया कि स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इन क्षेत्रों में कलस्टर आधारित योजनाएं तैयार की गई हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय फसलों के बीजों का उत्पादन, जैविक कृषि, कृषि यंत्रीकरण, नमी संरक्षण, सिंचाई सुविधाओं का विकास, विपणन, पोस्ट हार्वेस्ट, तकनीकी, स्किल डिवेलपमेंट आदि को सम्मिलित करते हुए 400 कलस्टरों (100 हेक्टेयर प्रति कलस्टर) के लिए 71470.00 लाख की परियोजना का प्रदेश के वित्त एवं नियोजन (ईएपी) विभाग द्वारा विधिवत् परीक्षण कर लिया गया है। मुख्यमंत्री रावत ने कृषि मंत्री से प्रदेश के विकास हेतु उक्त परियोजना स्वीकृत करने के संबंध में अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई करने का भी अनुरोध किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री रावत ने कृषि मंत्री को अवगत कराया कि राज्य को वर्ष 2013 में भीषण दैवीय आपदा का सामना करना पड़ा था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App