क्षेत्रीय बोलियों पर छपेगी किताब

By: May 13th, 2017 12:01 am

एनबीटी ने कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी से मांगा प्रस्ताव

शिमला  —  राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत जल्द ही हिमाचल प्रदेश की क्षेत्रीय बोलियों की पुस्तकें भी प्रकाशित करेगा। इसके लिए न्यास की ओर से कला संस्कृति भाषा अकादमी से प्रस्ताव तैयार कर न्यास को भेजने को कहा गया है। इसके साथ ही इस बार न्यास की ओर से संस्कृत पुस्तकों को भी प्रकाशन किया जाएगा। यह पहला मौका है जब न्यास की ओर से संस्कृत में भी पुस्तकों का प्रकाशन किया जा रहा है। शिमला पुस्तक मेले के सिलसिले में शिमला पहुंचे न्यास के अध्यक्ष बदलेव भाई शर्मा ने कहा कि इस बार न्यास स्थापना के 60 साल पूरा होने के मौके पर संस्कृत भाषा की पुस्तकों का प्रकाशन किया जा रहा है। न्यास का प्रयास है कि हिमाचल की क्षेत्रीय बोलियों पर आधारित पुस्तकों का भी प्रकाशन किया जाए। श्री शर्मा ने माना कि किताबों की कीमतें अधिक होने के कारण कई लोग किताबें नहीं पढ़ पाते, इसलिए न्यास की ओर से पुस्तक मेले में 10 फीसदी छूट दी जा रही है। इसके अलावा देश के शहीदों को लेकर भी न्यास की ओर से विशेष पुस्तकों का प्रकाशन किया जा रहा है, जिसमें हिमाचल के वीरों का विशेष तौर पर उल्लेख किया गया है। वहीं न्यास की ओर से कई जगहों पर स्किल डिवेलपमेंट के तहत सात दिन का विशेष कोर्स छात्रों को करवाया जाता है। इसमें पुस्तकों के प्रकाशन की जानकारी दी जाती है। न्यास की ओर से एचपीयू को भी यह प्रस्ताव भेजा गया है।

महिलाओं को महिला लेखन योजना

राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत के अध्यक्ष बलदेव भाई शर्मा ने कहा कि न्यास द्वारा महिला अग्रदूत, नवलेखन माला शृंखला के अंतर्गत महिला लेखिकाओं, नवोदित युवा लेखकों तथा सभी भारतीय भाषाओं की पुस्तकें भी प्रकाशित की जा रही हैं।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App