पुलिस को जल्द मिलेंगे 1200 जवान

By: May 19th, 2017 12:15 am

कैबिनेट में जाएगा भर्ती मामला, सरकार से हरी झंडी मिलते ही शुरू होगी प्रक्रिया

newsशिमला – पुलिस विभाग में पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती होगी। विभाग 1200 पुलिस जवानों की भर्ती करेगा और शीघ्र ही यह मामला कैबिनेट में जाएगा। कैबिनेट की हरी झंडी के बाद पुलिस विभाग भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। वहीं अबकी बार पुलिस कांस्टेबल की भर्ती के लिए साक्षात्कार नहीं करवाए जाएंगे। पुलिस विभाग 1200 जवानों की भर्ती करने जा रहा है। सरकार ने इस साल बजट भाषण में इन पदों को भरने का ऐलान किया है। इसके तहत ही पुलिस विभाग अब इसका खाका तैयार कर रहा है। इनमें चालकों व बैंड मास्टर वर्ग आदि के पदों के लिए पदों का विभाजन किया जा रहा है। इसका खाका विभाग अगली होने वाली कैबिनेट की बैठक में लाएगा। माना जा रहा है कि सरकार जल्द ही इन भर्तियों को हरी झंडी दे देगी। इसकी वजह यह है कि इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं, वहीं  इससे पहले चुनाव आचार संहिता भी लग जाएगी। सरकार चुनावी आचार संहिता से पहले इन पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर देगी। वहीं अबकी बार कांस्टेबल की भर्ती के लिए साक्षात्कार नहीं होंगे।  सरकार पहले ही चतुर्थ व तृतीय श्रेणी के पदों के लिए साक्षात्कार खत्म कर चुकी है। ऐसे में अब यह साफ है कि इस बार इन जवानों की भर्ती लिखित परीक्षा और सरकार द्वारा तय मापदंडों के अनुरूप ही होगी। नई भर्तियों से पुलिस विभाग में चल रही स्टाफ की कमी भी दूर होने की संभावना है। इससे पहले  सरकार ने 1500 कांस्टेबलों की भर्ती की थी। इन जवानों का प्रशिक्षण तकरीबन पूरा हो चुका है और जल्द ही ये जवान भी पुलिस विभाग को मिलेंगे। प्रदेश में सरकार नए थाने व चौकियां खोल रही है, इससे स्टाफ की कमी ज्यादा महसूस हो रही है। खाली पदों की बात करें तो पुलिस विभाग में मौजूदा समय में कांस्टेबल के 12185 पदों में से 11144 भरे गए हैं और 1041 पद खाली चल रहे हैं। इसी तरह हैड कांस्टेबल के 190 और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर में से प्रत्येक वर्ग के 156-156 पद खाली पड़े हुए हैं। पुलिस पर अपराधों को रोकने की बड़ी चुनौती रहती है। इसके अलावा पुलिस पर कानून व्यवस्था बनाए रखने से लेकर ट्रैफिक रेगुलेट करने की बड़ी जिम्मेदारी होती है। वहीं स्टाफ की कमी से केसों को जांचने के लिए भी पुलिस के पास ज्यादा वक्त नहीं होता। सरकार की हरी झंडी मिलने के बाद विभाग इन जवानों की भर्ती शुरू कर देगा।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App