भ्रष्टाचार सरकार की संस्कृति

By: May 31st, 2017 12:01 am

धूमल-सत्ती का आरोप, प्रदेश में लुट रहे उद्योगपति

 शिमला— नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने सीबीआई द्वारा उद्योग विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर को रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उक्त नेताओं ने कहा कि जिस प्रदेश का मुखिया भ्रष्टाचार के आरोपों पर जमानत पर चल रहा हो, वहां के कर्मचारियों का भ्रष्टाचार में संलिप्त होना सरकार की कार्य संस्कृति का ही परिलक्षण है। पकड़े गए कर्मचारी ने इस सारे मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय की संलिप्तता के गंभीर आरोप लगाए हैं, उसके पश्चात से अब सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं रह गया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पैसे लेकर सबसिडी रिलीज करना कांग्रेस सरकार की संस्कृति का द्योतक है। उद्योग की लगातार शिकायतें थीं कि उन्हें सरेआम वर्तमान सरकार द्वारा लूटा जा रहा है। एक के बाद एक उद्योगपति प्रदेश छोड़ कर जा रहे हैं। पिछले चार वर्षों में कोई नया उद्योग हिमाचल प्रदेश में नहीं लगा, इसकी वजह मंत्रियों और अधिकारियों की सरेआम लूट थी। ऊना और पंडोगा में जमीनें खाली और बिजली पर सबसिडी दिए जानेे के बावजूद कोई उद्योगपति प्रदेश का रुख नहीं कर रहा था। इसका मुख्य कारण कांग्रेस की भ्रष्ट संस्कृति रही है। ज्वाइंट डायरेक्टर तो एक मोहरा है और उसकी स्वीकृति के पश्चात यह स्पष्ट हो गया है कि इसकी जड़ में मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी संलिप्त हैं।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App