नहीं मिली जमीन के बदले जमीन

By: Jun 21st, 2017 12:05 am

पंडोह —  पंडोह डैम विस्थापित कल्याण समिति द्वारा  अपर पंडोह अंबेडकर  भवन में विस्थापन पीडि़त  सम्मेलन का आयोजन किया  गया। सम्मेलन पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।  सम्मेलन में लगभग 500 विस्थापितों  एवं स्थानीय लोगों ने  भाग लिया।  समिति के  प्रधान फते राम ने मुख्यातिथि के समक्ष विस्थापितों  की पिछले 37 वर्षों से चली आ रही समस्याओं को रखा, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें जमीन के बदले जमीन नहीं मिली है। इसलिए प्रदेश सरकार को औस्ती नौतोड़ भूमि पर लगे प्रतिबंध को हटाना होगा, ताकि भूमिहीन विस्थापितों को जमीन मिल सके।   उन्होंने कहा कि सरपल्स भूमि जो पंडोह में 486 बीघा है, वह विस्थापितों में ही वितरित की जानी चाहिए।  उन्होंने कहा कि पंडोह डैम विस्थापितों के लिए प्रदेश व केंद्र सरकार को विशेष नीति  बनाई जानी चाहिए, जिसमें इनके पुनर्वास, पुनर्स्थापन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार  की व्यवस्था की जानी  चाहिए।  वहीं, उन्होंने  कहा कि बीबीएमबी  में रिक्त पडे़ पदों पर विस्थापितों को 10 प्रतिशत  का आरक्षण दिया जाए।  समिति को कार्यालय के लिए आवास उपलब्ध करवाया जाएं। उन्होंने कहा कि विस्थापित परिवारों को मुफ्त बिजली, पानी, रास्ते और पक्की सड़कें बनाई जाएं।   पंडोह डैम से होने वाली आय का दो प्रतिशत हिस्सा पंडोह डैम विस्थापितों के कल्याण और विकास पर खर्च करना सुनिश्चित किया जाए।  उन्होंने पंडोह में विस्थापित भवन निर्माण के लिए पांच लाख रुपए देने भी मांग की। इन सब मांगों पर चर्चा के बाद अपने संबोधन में अनिल शर्मा ने कहा कि पंडोह डैम बहुत पुराना डैम है। इसलिए इनकी समस्याएं भी काफी समय से चली आ रही हैं। मगर, सरकार के पास इन्हें देने के लिए भूमि नहीं है।  उन्होंने कहा कि बीबीएमबी प्रशासन के साथ विस्थापितों की समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय स्थापित किया जाएगा, जबकि औस्ती प्रमाण पत्र बनाने के लिए उन्होंने एसडीएम सदर पूजा चौहान को मौका पर ही आदेश जारी कर दिए।  इससे पहले समिति प्रधान फते राम ने मंत्री महोदय को टोपी पहना कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान पंडोह शीला देवी, उपप्रधान स्योगी चेत राम, इंद्रजीत शर्मा, कांग्रेस सदर मंडल अध्यक्ष धर्मपाल ठाकुर, अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस सदर के अध्यक्ष खेम चंद, पूर्व प्रधान नरेश कुमार, उषा चौहान, युवक मंडल प्रधान श्याम सागर, गगन कुमार, बीआर भाटिया, पूर्व प्रधान एवं समाज सेवी राधा कृष्ण वर्मा, देवी राम कौंडल, देवी सिंह, केशव राम, राम चंद्र, नंद लाल, हुकम चंद, इंद्रा गांधी महिला मंडल पंडोह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App