पोती को बचाते, दादी की जान गई

By: Jun 21st, 2017 12:05 am

आनी —  पुलिस थाना आनी के अंतर्गत आने वाले करशैइगाड क्षेत्र में एक महिला की ढांक से गिरकर मौत हो गई। पुलिस उपाधीक्षक आनी बलदेव ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आनी विकास खंड की करशैइगाड पंचायत के गांव छलाच की 54 वर्षीय माड़ी देवी पत्नी स्व. पूर्ण चंद सोमवार को क्षेत्र में ही डूहाड गांव में अपने संबंधी की शादी में गई थी, जहां से वह देर शाम अपनी पोती के साथ अपने घर छलाच लौट रही थी। इसी बीच रास्ते में सुहल नामक स्थान के पास पोती का पैर फिसला और वह नीचे जा गिरी। इस दौरान पोती को बचाने के लिए दादी नीचे गई तो उसका पैर भी ढांक से फिसल गया। इस हादसे में पोती की जान तो बच गई, लेकिन  माड़ी देवी पहाड़ी से लुढ़कते हुए 100 फुट नीचे गहरे नाले में जा गिरी, जिससे उसके सिर पर गहरी चोटें आईं और मौके पर उन्होंने दम तोड़ा। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि इस घटना की सूचना मिलते ही आनी पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर किया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर उसके शव का अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया। आनी प्रशासन की ओर से तहसीलदार सूरज सिंह नेगी ने मृतका के परिजनों को 20 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की है। आनी के विधायक खूबराम आनंद और पूर्व विधायक किशोरी लाल सागर ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App