भाजपा ने दे दी पीलिया की टेंशन

By: Jun 6th, 2017 12:05 am

शिमला – भारतीय जनता पार्टी ने निगम चुनाव की शुरुआत में ही शिमला के लोगों को पीलिया की याद ताजा कर दी है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व विधायक डा.राजीव बिंदल ने कहा कि पिछले साल शिमला में गंदे पानी की वजह से भयंकर पीलिया फैला था ,जिससे कई लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों बीमार पड़े। यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिंदल ने कहा कि इस अव्यवस्था के लिए पूरी तरह से कांग्रेस व माकपा दोषी हैं। ऐसी व्यवस्था को बदलने के लिए शिमला के लोगों को वोट देना चाहिए। उन्होंने शहर की जनता से वादा किया कि वह यहां के लोगों को स्वच्छ शिमला देगी वहीं स्वच्छ पेयजल भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने शिमला नगर निगम की दयनीय स्थिति के लिए कांग्रेस पार्टी तथा कम्युनिस्ट पार्टी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि नगर निगम के इतिहास में वर्ष 1986 से आज तक कांग्रेस व कम्युनिस्टों का राज रहा है। इसी जिम्मेदारी से भागने के लिए दोनों दलों ने चुनावों को टालने का बहुत प्रयास किया, लेकिन उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद नगर निगम के चुनावों की घोषणा करनी पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की हत्या करने की कांग्रेस व माकपा ने मिलजुलकर योजना बनाई, जो सफल नहीं हो पाई। डा. बिंदल ने आरोप लगाया कि शिमला में लोगों को दूषित पेयजल पिलाने के लिए कांग्रेस व माकपा जिम्मेदार है, क्योंकि प्रदेश में सत्ता में कांग्रेस पार्टी है, जिसकी जिम्मेदारी पानी की सप्लाई करने की थी तथा नगर निगम का काम पेयजल वितरण का था तथा  महापौर व उपमहापौर पद पर कम्युनिस्ट पार्टी के नेता बैठे थे। इन लोगों ने ऐसी स्थिति पैदा करवा दी कि लोगों को गंदा पानी पीना पड़ा तथा 18 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने कहा कि भाजपा शहर में स्वच्छ व पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इसके लिए विजन डाक्यूमेंट लेकर आएगी। इस मौके पर स्थानीय विधायक सुरेश भारद्वाज भी मौजूद थे।

बागियों से संपर्क में भाजपा

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डा. राजीव बिंदल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि दो या तीन स्थानों पर भाजपा के बागी चुनाव मैदान में उतरे हैं। पार्टी उनके संपर्क में हैं। आगामी दो या तीन दिन में उन्हें मना लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अच्छे लोगों को चुनाव में उतारा है। उन्होंने सरकार पर चुनाव में धन बल के प्रयोग की आशंका भी जताई।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App