रथयात्रा निकालेगी भाजपा

By: Jun 14th, 2017 12:10 am

newsकुल्लू —  पहाड़ी राज्य की वर्तमान कांग्रेस सरकार को चारों तरफ से घेरने की भाजपा ने पूरी रणनीति बना दी है। हिमाचल को कांग्रेस मुक्त करने के लिए भाजपा ने बडे़-बडे़ हथकंडे अपना लिए हैं। बस अब देखना यह है कि भाजपा का यह निशाना कितना घाव करेगा। मंगलवार को जिला कुल्लू में हुए भाजपा के त्रिदेव सम्मेलन में भी प्रदेश भाजपा ने वर्तमान सरकार पर तीखे प्रहार किए और सरकार को घेरने के लिए रणनीति तैयार की। गौर रहे कि कुल्लू में प्रदेश भाजपा ने ऐलान किया है कि हिमाचल में परिवर्तन रथयात्रा होगी। प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में परिर्वतन रथ परिक्रमा करेगा। भाजपा की रथयात्रा का उद्देश्य प्रदेश की गरीब जनता को कांग्रेस से मुक्ति दिलाना है। कुल्लू में बैठक कर रथयात्रा को प्रभावशाली बनाने के लिए प्रदेश भाजपा प्रभारी, प्रदेशाध्यक्ष संगठन मंत्री सहित विभिन्न जिलों के अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों ने रणनीति बनाई है और 18 जून का दिन परिवर्तन रथयात्रा शुरू करने का चुना है। प्रदेश स्तर के 100 के करीब कार्यकर्ता रथयात्रा में शामिल रहेंगे। इस कारवां में तीन हजार के करीब विस्तारक भी शामिल रहेंगे। बीस दिनों में प्रदेश के हर जिला के विभिन्न क्षेत्रों में रथयात्रा करने का लक्ष्य रखा गया। प्रदेश में चार रथ परिवर्तन की यात्रा पर निकलेंगे। इसके अलावा भाजपा ने कांग्रेस का वजूद खत्म करने के लिए 300 रैलियां करने की भी योजना तैयार की है। इसके बाद प्रदेश की कांग्रेस सरकार की मुक्ति के लिए भाजपा ने एक लाख 47 हजार पन्ना प्रमुखों की नियुक्तियां की हैं। ये पन्ना प्रमुख 4879 बूथों में कार्य में डटे रहेंगे और मतदाताओं को जोड़ेंगे।

केंद्रीय मंत्री करेंगे अभियान का आगाज

18 जून से शुरू होने वाली परिर्वतन रथयात्रा का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री करेंगे। हालांकि अभी कौन से केंद्रीय मंत्री यात्रा का आगाज करेंगे यह तय नहीं है। लेकिन इसमें सांसद, विधायक, पालक, इंचार्ज सहित भाजपा के राष्ट्रीय नेता मौजूद रहेंगे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App