श्रम निरीक्षक के खिलाफ नारे

By: Jun 30th, 2017 12:07 am

newsहमीरपुर  – श्रमिक कल्याण कानून 1996 के तहत पंजीकरण न होने पर मजदूरों ने श्रम निरीक्षक के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। गुरुवार को लोगों ने पूरे कार्यालय को चारों तरफ से घेर लिया। महिलाएं श्रमिक निरीक्षक को कार्यालय से बाहर निकालने की मांग पर अड़ गईं। हालांकि श्रम निरीक्षक कार्यालय से बाहर नहीं निकले। श्रम निरीक्षक को लेकर महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर था। महिलाओं का आरोप है कि जब से श्रम निरीक्षक ने हमीरपुर में पदभार संभाला है जब से मजदूरों का पंजीकरण बंद हो गया है। सीटू जिला कमेटी के आह्वान पर एकत्रित हुए महिलाओं ने अपने हक को लेकर लड़ाई-लड़ने के लिए सहमति जताई। श्रम अधिकारी कार्यालय में धक्का-मुक्की के बीच कई कार्यकर्ता पहुंच गए। एक समय तो माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। हर कोई श्रम अधिकारी को कार्यालय से बाहर निकाले जाने की मांग करने लगा। स्थिति नियंत्रण से बाहर होता देख सीटू नेताओं ने लोगों को समझाया। उन्होंने श्रम अधिकारी कार्यालय में वार्तालाप कर स्थिति को नियंत्रण में किया। इस दौरान श्रम निरीक्षक ने लिखित में दिया कि 15 दिन के भीतर सभी कर्मियों को दूर किया जाएगा। लोगों ने आरोप लगाया कि श्रम निरीक्षक कल्याण बोर्ड के फैसलों व निर्देशों का न मानकर मनमर्जी से कार्य कर रहा है। इसके चलते जिला के हजारों मजदूरों को श्रमिक कल्याण बोर्ड से मिलने वाली सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। सीटू जिला कमेटी ने राज्य सरकार व कल्याण बोर्ड को चेतावनी दी है कि जिला में पंजीकरण का कार्य बोर्ड के दिशानिर्देशों के अनुसार शुरू किया जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो बोर्ड के कार्यालय का घेराव अनिश्चितकालीन किया जाएगा। इससे पहले हमीरपुर शहर में रैली निकाली गई। गांधी चौक पर सभा का आयोजन किया गया। सीटू राष्ट्रीय महासचिव डा. कश्मीर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा का पैसा समय पर जारी नहीं कर रही, जो घोषित राशि है, उसमें भी कटौती की जा रही है। इससे मनरेगा के कार्य बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। कई कार्य अधर में लटक गए हैं। लोगों के लिए बनाया गया कानून जिसमें 100 दिन रोजगार मुहैया करवाना है, ठप्प हो गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार मजदूरों की सुरक्षा के लिए बनाए कानूनों का समाप्त करना चाहती है। ईपीएफ कानूनों में संशोधन किए जा रहे हैं। प्रदर्शन में जिला सचिव जोगिंद्र कुमार, प्रताप राणा, अनिल मनकोटिया, सुरेश राठौर, रंजन शर्मा, धर्मसिंह, विजय कुमार, रवि कुमार, रिपल, राजकुमार सहित अन्य शामिल रहे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App