16 सिलेंडर, 22800 जुर्माना

By: Jun 14th, 2017 12:05 am

धर्मशाला —  राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के तहत गठित जिला स्तरीय सतर्कता समिति और सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक मंगलवार को उपायुक्त कांगड़ा सीपी वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। उपायुक्त ने जिला में उपभोक्ताओं को सरकार द्वारा उपदान युक्त एवं सस्ती दरों पर प्रदान की जा रही आवश्यक वस्तुएं समय पर उपलब्ध करवाने पर बल दिया। उन्होंने विभाग को प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभ पात्र वर्ग तक पहुंचाना सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राजीव शर्मा ने विभाग द्वारा कांगड़ा जिला में खाद्य आपूर्ति से संबंधित लोगों की समस्याओं और नवंबर 2016 से अप्रैल 2017 के मध्य विभाग की विभिन्न गतिविधियों और कार्यकलापों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिला में विभाग द्वारा 1060 उचित मूल्यों की दुकानों के माध्यम से चार लाख 28 हजार 397 कार्डधारकों को समुचित मात्रा में खाद्यान उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त अवधि में जिला भर में विभिन्न उचित मूल्यों की दुकानों और थोक गोदामों में कुल 3641 निरीक्षण किए गए। निरीक्षणों के दौरान खाद्यान्न वितरण संबंधी अनियमितताएं पाए जाने पर एक लाख 56 हजार 857 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान 16 घरेलू एलपीजी सिलेंडर भी जब्त किए गए। इसके लिए 22 हजार 800 रुपए का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि विभाग ने खुले बाजार में फल, सब्जी विक्रेताओं, मिठाई एवं ढाबा व्यापारियों द्वारा अनियमितताएं बरते जाने पर 89 हजार 537 रुपए का जुर्माना किया है। इसके अतिरिक्त जीव अनाशित कूड़ा-कचरा नियंत्रण आदेश 1995 के तहत 37 हज़ार रुपए का जुर्माना किया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग ने खाद्यानों की गुणवत्ता पर कड़ी नजर रखते हुए विभिन्न थोक गोदामों, आटा मिलों और उचित मूल्य की दुकानों से कुल 122 नमूने लिए जिनमें से पांच नमूनों में निम्न गुणवत्ता पाई गई। विभाग द्वारा इस अवधि के दौरान कुल तीन लाख छह हजार 194 रुपए का जुर्माना वसूला गया। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत चयन की वर्तमान स्थिति पर भी समीक्षा की गई। राजीव गांधी अन्न योजना तथा जन शिकायतों के निपटारे संबंधी विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राजीव शर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App