825 पूर्व सैनिकों को मिलेगी नौकरी

By: Jun 18th, 2017 12:02 am

प्रदेश सरकार ने लिया फैसला, जुलाई में क्लर्क से कनिष्ठ अभियंता पद तक विभाग शुरू करेगा भर्ती प्रक्रिया

हमीरपुर— विधानसभा चुनावों से ठीक पहले राज्य सरकार ने प्रदेश के पूर्व फौजियों के लिए नौकरी के फाटक खोले हैं। राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में 800 से ज्यादा पदों पर भर्ती होगी। क्लर्क से लेकर कनिष्ठ अभियंता तक कुल 825 पदों पर प्रस्तावित यह भर्ती अगले माह से शुरू होगी। पूर्व सैनिक कल्याण विभाग पूर्व फौजियों की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती करने जा रहा है। इससे पहले इतने पदों पर एक साथ भर्ती नहीं हो पाई है। निर्धारित पूर्व फौजियों के कोटे के पद भरने के लिए विभाग ने यह निर्णय लिया है। विभाग भर्ती प्रक्रिया से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा है। वर्षों से कई विभागों में सैनिक कोटे के पद रिक्त चल रहे हैं। कई बार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी न होने व कई बार अन्य अपरिहार्य कारणों से पूर्व सैनिकों को नौकरी नहीं मिल पाती। अब विभाग ने सैनिकों के हितों के मद्देनजर 825 पदों पर भर्ती करने का निर्णय लिया है। हालांकि गत अप्रैल महीने में ही पूर्व सैनिकों के साक्षात्कार हुए थे। अब विभाग ने फिर से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है। राज्य के कई सैनिक भर्ती प्रक्रिया की आस में बैठे थे। अब इनके लिए शिक्षक बनने का सुनहरा मौका मिल गया है। शास्त्री पद के लिए जिलवार पद भरे जाएंगे। हालांकि अन्य विभागों में पूर्व सैनिकों से राज्य के किसी भी हिस्से में सेवाएं ली जा सकती हैं। जूनियर आफिसर असिस्टेंट के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से कम्प्यूटर का डिप्लोमा अनिवार्य किया गया है। साथ ही हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट व अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट की स्पीड होनी चाहिए। इसकी सूचना पूर्व सैनिक कल्याण निदेशालय ने अपनी वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी है। हालांकि विभाग ने अभी तक साक्षात्कार की तिथियां तय नहीं की है। इन पदों के लिए हजारों पूर्व सैनिकों को बुलावा पत्र भेजे जाएंगे। सूची तैयार करने के बाद निदेशालय भर्ती की तिथियां तय करेगा।

इन पदों के लिए मिलेगा मौका

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जेओए, क्लर्क के 350, टीमेट, सब-अटेंडेंट के 100, जेबीटी के 70, भाषा अध्यापक के 50, शास्त्री के 80, कला अध्यापक के 25, ड्राफ्ट्समैन के 35, पीईटी 20, पीजीटी 15 और टीजीटी के 80 पद भरे जाएंगे। लंबे समय से पूर्व सैनिक कोटे के यह पद रिक्त चल रहे हैं।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App