कोर्ट के चक्कर… भूल गए विकास

By: Jul 7th, 2017 12:10 am

newsऊना —  प्रदेश का मुखिया ही जमानत पर रिहा हो तो वहां पर विकास की उम्मीद रखना न के बराबर ही है। यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने गुरुवार को भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा के दौरान अरनियाला, टैक्सी स्टैंड ऊना, जलग्रां टब्बा, देहलां, मैहतपुर, अजौली, सनोली, संतोषगढ़, पेखूबेला, नंगड़ा, जनकौर, कुठार खुर्द व रामपुर में सभाओं को संबोधित करते हुए कही। सतपाल सत्ती ने कहा कि हिमाचल सरकार भ्रष्टाचार के दलदल में पूरी तरह डूबी हुई है।  प्रदेश का मुखिया अदालतों के चक्कर काट रहा है और जनता बेहाल है। ऐसे में राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सहायता का भी राज्य सरकार उपयोग नहीं कर पा रही है। भाजपा ने प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए परिवर्तन रथ यात्रा शुरू की है, जिसको प्रदेश भर में जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा के स्वागत के लिए जनता भारी संख्या में उमड़ रही है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि जनता अब भ्रष्ट कांग्रेस सरकार से तंग आ चुकी है और प्रदेश में भगवा फहराने को आतुर है। प्रदेश के प्रत्येक विस क्षेत्र से होते हुए रथ यात्रा पूरे राज्य में दस हजार किलोमीटर सफर तय करेगी। उन्होंने प्रदेश की जनता, भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं का रथ यात्रा को समर्थन देने के लिए आभार भी व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा प्रभारी मंगल पांडे,हरियाणा राज्य के कृषि मंत्री ओपी धनखड़, सांसद अनुराग ठाकुर सहित अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App