खिलते ही ‘मुरझाने’ लगा सेब सीजन

By: Jul 11th, 2017 12:01 am

फसल तोड़ने में जल्दबाजी कर रहे बागबान, गिरने लगे दाम

शिमला  –  बागबानों में जल्दबाजी सेब के दामों पर भारी पड़ने लगी है। फसल को मार्केट में जल्द उतारने की होड़ के चलते सीजन की शुरुआत में सेब के दाम लुढ़कने लगे हैं। सोमवार को टाइडमैन और रॉयल सेब के दामों में बीते दिनों के मुकाबले 200 से 300 रुपए की गिरावट रिकार्ड की गई है, जिसके लिए बागबानों में जल्दबाजी को ही कारण माना जा रहा है।  सरकार को प्रदेश की सबसे बड़ी फल मंडी ढली में सेब की अर्ली वैरायटी, टाइडमैन सेब 800 से 1100 रुपए प्रति बाक्स के हिसाब से बिका, जबकि बीते दिन टाइडमैन सेब 800 से 1400 रुपए प्रति बाक्स तक बिक रहा था। टाइडमैन सेब के दामों में 200 से 300 रुपए की गिरावट रिकार्ड की गई है। इसके अलावा ढली फल मंडी में रॉयल वैरायटी के 27 बाक्स भी पहुंचे हैं। रॉयल वैरायटी का सेब जिला शिमला कुमारसैन के शिवान क्षेत्र से पहुंचा है। फल मंडी में रॉयल सेब 800 से 1700 रुपए तक बिका। इस तरह रॉयल सेब के दामों में भी गिरावट आंकी गई है। शुरुआत में ढली फल मंडी में रॉयल सेब दो हजार रुपए तक बिका था। ढली फल मंडी से प्राप्त जानकारी के अनुसार बागबान मार्केट में हरे दाने (फसल) उतार रहे हैं। फल मंडी में ओलावृष्टि से प्रभावित और हरा माल आ रहा है, जिसका असर दाम पर पड़ने लगा है। फसल को मार्केट में पहुंचाने की होड़ में दाम लुढ़कने लगे हैं। इस तरह कम दाम मिलने से बागबानों के चेहरों से रौनक गायब हो गई है।

जल्दबाजी न करें बागबान

बागबानी विशेषज्ञों ने बागबानों को सलाह दी है कि फसल को मार्केट में उतारने में जल्दबाजी न करें। फसल को अच्छे से तैयार होने पर ही मार्केट में उतारे, ताकि बाजार में उन्हें उनकी मेहनत का अच्छा मेहनताना मिल सके।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App