परिवर्तन का रथ लाएगा प्रगति का पथ

By: Jul 6th, 2017 12:10 am

newsnewsबंगाणा/थानाकलां— नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र से शुरू हुई भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा बुधवार को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। जहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा परिवर्तन रथ यात्रा का बंगाणा चौक, थानाकलां, छपरोह कलां, बीहड़ू, मदनपुर बसोली, चताड़ा में भव्य स्वागत किया। छपरोह में जनसभा का आयोजन किया गया। इसके अलावा देर शाम कोटलां लोअर में जनसभा हुई। परिवर्तन रैली में हरियाणा सरकार के कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवाई में देश प्रगति के पथ पर है। आम जनता के हितों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं, जबकि प्रदेश सरकार आम जनता के लिए कोई भी योजना शुरू नहीं कर पाई। प्रदेश सरकार की ओर से किसानों की समस्याओं की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से किसानों के हितों की रक्षा के लिए शुरू की गई किसान बीमा योजना को प्रदेश सरकार लागू नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गो हत्या पर संज्ञान लेते हुए उचित कदम उठाए। हरियाणा में अगर कोई गाड़ी गोवंश को लेकर पकड़ी जाती है तो उसे सात साल की सजा और 50 हजार रुपए जुर्माना का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हर वर्ग के लिए योजनाएं चलाई गई हैं, लेकिन प्रदेश के कांग्रेस नेता योजनाओं के नाम पर आम जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि परिवर्तन रथ यात्रा का उद्देश्य परिवर्तन लाना है। कांग्रेस सरकार ने आम जनता को भ्रष्टाचार, खनन माफिया, वन माफिया, ड्रग माफिया ही चला रखा है। प्रदेश की भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को प्रदेश से बदलने का समय आ गया है। इतिहास में प्रदेश की कांग्रेस सरकार विकास नहीं विनाश के नाम से जानी जाएगी। रैली में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भेदभाव की नीति अपनाए हुए हैं। कुटलैहड़ विस क्षेत्र के कांग्रेस नेता पांच वर्ष तक माफिया राज चलाते रहे। वन माफिया, खनन माफिया, भू-माफिया, ड्रग माफिया ही सक्रिय रहा, जिसका जवाब जनता आगामी विधानसभा चुनावों में देगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रदेश मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं भी अधूरी ही पड़ी हैं, जोकि भेदभाव को दर्शाता है। इस अवसर कुटलैहड़ भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी संजीव कटवाल, बलराम, विजय शर्मा, मास्टर तरसेम, कैप्टन प्रीतम डढवाल, चरणजीत शर्मा, पलाहटा पंचायत प्रधान राजकुमारी, बल्ह पंचायत प्रधान राजेश कुमार, सतीश पुरोहित, बलवंत वर्मा, राम सिंह, विकास आंगरा, मुनीष ठाकुर, प्रवेश शर्मा, पूर्व प्रधान बुल्ला शर्मा, सुषमा ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद थे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App