पिंकाथन में दौड़ेंगी 101 साल की मान कौर

By: Jul 19th, 2017 12:04 am

17 सितंबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा आयोजन

नई दिल्ली— 100 मीटर, 200 मीटर, भाला फेंक और गोला फेंक में वर्ल्ड मास्टर्स में विश्व रिकार्ड अपने नाम रखने वाली पंजाब के पटियाला की 101 वर्षीय मान कौर इस साल 17 सितंबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाली महिलाओं की पांचवीं पिंकाथन दौड़ में आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र रहेंगी। पिंकाथन के पांचवें संस्करण की इसके संस्थापक मिलिंद सोमन ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की। मान ने 2010 में 93 साल की उम्र में दौड़ना शुरू किया था और पिछले आठ वर्षाें में वह अमरीका, कनाडा और न्यूजीलैंड में 100 और 200 मीटर तथा भाला और गोला फेंक में 95 वर्ष से अधिक उम्र के मास्टर्स इवेंट में विश्व रिकार्ड बना चुकी हैं। मान कौर ने पंजाबी में जब अपनी बात रखी तो पूरा होल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस उम्र में भी उनकी आवाज में वही पुराना जोश था और उनकी तेजी युवाओं को भी मात करने वाली थी। उन्होंने कहा कि जब मैं दौड़ती हूं तो पूरा माहौल और लोग मेरे साथ हो जाते हैं, जिससे मुझे एक नया उत्साह मिलता है। दौड़ने के समय मुझे कभी घुटनों में दर्द महसूस नहीं होता है। पटियाला की मान कौर के नाम 100 मीटर में एक मिनट 14 सेकेंड का विश्व रिकार्ड है, जो उन्होंने अमरीका में बनाया था। वह पहली बार 2011 में अमरीका में दौड़ी थीं और तब उन्होंने दो पदक जीते थे। इसके बाद उन्होंने कनाडा में चार पदक जीते, फिर अमरीका जाकर पांच पदक ले आईं। अपने रिकार्डों के बारे में बताते हुए मान कौर के चेहरे से जैसे एक नूर झलक रहा था। अपने स्वास्थ्य का राज बताते हुए उन्होंने कहा कि मैं हमेशा घर की रोटी खाती हूं। बाजार की चीज मैंने आज तक नहीं खाई। उनके 79 वर्षीय बेटे गुरदेव ने भी बताया कि इस उम्र में भी माताजी ने न्यूजीलैंड में स्काईवॉक कर विश्व रिकार्ड बना दिया था। गुरदेव खुद भी 75 साल से अधिक की उम्र के मास्टर्स इवेंट में हिस्सा लेते रहे हैं। गुरदेव ने न्यूजीलैंड में लंबी कूद में रजत पदक और 100 मीटर में कांस्य पदक हासिल किया था। 17 सितंबर को नेहरू स्टेडियम में होने वाली पिंकाथन में 10 हजार से अधिक महिला धावक हिस्सा लेंगी।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App