यह रहा बर्थ सर्टिफिकेट…दीजिए 50 रुपए

By: Jul 7th, 2017 12:05 am

मंडी —  जोनल अस्पताल मंडी में बड़ा गोरखधंधा चल रहा है। अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के बदले 50 रुपए वसूले जा रहे हैं, जबकि जन्म प्रमाण पत्र निःशुल्क जारी किया जाता है। जिला अस्पताल में यह गोरखधंधा काफी लंबे समय से चल रहा है। हैरानी की बात है अस्पताल में बाकायदा बोर्ड लगाए गए हैं कि जन्म प्रमाण पत्र निःशुल्क दिया जाता है। इसके बावजूद जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाला कर्मचारी लोगों से 50 रुपए वसूल रहा है। मजेदार बात यह है कि अस्पताल में जिस कैबिन में जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाते हैं उस कैबिन के बाहर सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है, लेकिन फिर भी अस्पताल प्रशासन इस गोरखधंधे पर लगाम कसने  में नाकामयाब है। जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले कर्मचारी का स्टाइल भी जबरदस्त है। बर्थ सर्टिफिकेट बनवाने वाले व्यक्ति को बाकायदा कैबिन के अंदर बुलाया जाता है और सर्टिफिकेट बनने के बाद 50 रुपए की फरमाइश कर दी जाती है और व्यक्ति भी उसे 50 रुपए दे देता है। हैरानी इस बात कि अगर कायदे से बर्थ सर्टिफिकेट के 50 रुपए वसूले जाते हैं तो फिर रसीद देना भी जरूरी है, लेकिन यहां ऐसा कुछ नहीं है। व्यक्ति को सिर्फ जन्म प्रमाण पत्र देकर ही चलता कर दिया जाता है। ऐसे में आप अनुमान लगाएं कि यदि एक दिन में पांच लोगों से भी 50 रुपए वसूले जाते हैं तो यहां कितना बड़ा गोरखधंधा चल रहा है। ऐसा नहीं है कि यह अभी हो रहा है। सूत्रों का कहना है कि कई महीनों से यहां लोगों से पैसे वसूले जा रहे हैं। क्या नाम के ही पढ़े-लिखे हैं लोग, जागरूकता पर सवाल यहां सवाल लोगों की जागरूकता पर भी उठता है, क्योंकि आए दिन पढ़े -लिखे या नौकरीपेशा लोग भी यहां बर्थ सर्टिफिकेट बनवाने आते हैं, ऐसे में वे भी बिना सोचे-समझे कर्मचारी को 50 रुपए थमा देते हैं। यहां तक कि कर्मचारी से 50 रुपए की रसीद तक नहीं मांगी जाती है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App