सीएम वीरभद्र सिंह आज पांगी में

By: Jul 6th, 2017 12:05 am

पांगी-चंबा  —  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह गुरुवार को एकदिवसीय पांगी प्रवास के दौरान लोगों को करोड़ों रुपए की सौगातें सौंपेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री लोगों की समस्याएं सुनने के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। मुख्यमंत्री के पांगी दौरे को लेकर प्रशासनिक व संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां निपटा ली गई हैं। मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर वन मंत्री सहित जिला प्रशासन के तमाम आला अधिकारी भी पांगी पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री छह जुलाई को सवेरे हेलिकाप्टर के जरिए पांगी घाटी मुख्यालय किलाड़ में लैंड करेंगे। मुख्यमंत्री गुरुवार को पांगी उपमंडल मुख्यालय किलाड़ में नवनिर्मित सिविल अस्पताल के भवन का लोकार्पण करेंगे। तदोपरांत मुख्यमंत्री किलाड़- करोथी सड़क पर भी बस सेवा को ही हरी झंडी दिखाएंगे। मुख्यमंत्री किलाड में हिमाचल प्रदेश को- ऑपरेटिव बैंक की शाखा का भी लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री पांगी प्रवास के दौरान किलाड़ में लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। बहरहाल, गुरुवार को मुख्यमंत्री पांगी घाटी के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंच रहे हैं। वहीं हिमाचल के अंतिम छोर पर बसने वाले पहाड़ी जिला चंबा में इन दिनों राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। पांच विधानसभा सीटों वाले चंबा जिला की सभी सीटों को कब्जाने के लिए सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष ने अभी से ही एड़ी-चोटी का जोर शुरू कर दिया है। विपक्ष रथ यात्रा से चंबा के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जाकर परिवर्तन लाने की कोशिश कर रहा है इसके बीच गुरूवार को सत्ता पक्ष हवाई सेवा से चंबा के जनजातीय क्षेत्र में पहुंचकर लोगों को सरकार की उपब्धियां गिनाएगा। हर बार दो तीन में बंट रही पांच सीटों पर कब्जा कर भाजपा चंबा में क्लीन स्वीप की बात कर रही है, वहीं कांगे्रस भाजपा काबिज सीटों को भी कब्जाना चाहती है। प्रदेशभर में दौड़ी भाजपा की रथ यात्रा का समापन आठ जुलाई को एतिहासिक चंबा चौगान में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे। ठीक इससे दो दिन पहले छह जुलाई को मुख्यमंत्री पांगी में तोहफों की झड़ी लगा सकते हैं। अपने निर्धारित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पांगी में विभिन्न योजाओं का शिलान्यास व लोर्कापण करेंगे। साथ ही चुनावी वर्ष में पांगी सहित चंबा के लिए भी तोहफों की बरसात कर सकते हैं। सीएम के स्वागत के लिए वन एवं मत्सय पालन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौर बुधवार शाम को ही पांगी पहुंच गए हैं।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App