70 लाख से बनेंगे सात खेल मैदान

By: Jul 2nd, 2017 12:07 am

newsजसूर – नूरपुर क्षेत्र के पहलवानों को भारतीय शैली की कुश्ती के दावपेंच सीखने के लिए नूरपुर क्षेत्र के लंबानाल में 15 लाख की लागत से आधुनिक अखाड़े का निर्माण किया जा रहा है, जिससे यहां के पहलवानों को पहलवानी के गुर सीखने में महारत हासिल होगी। यह बात भारतीय शैली कुश्ती संघ के प्रदेशाध्यक्ष एवं नूरपुर के विधायक अजय महाजन ने सदवां के वार्षिक छिंज मेले में बतौर मुख्यातिथि अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नूरपुर क्षेत्र के युवा वर्ग को 70 लाख की लागत से सात खेल के मैदान बनेंगे, जिनकी राशि स्वीकृत हो गई है और शीघ्र ही युवा वर्ग को खेलने के लिए खेल मैदान उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि नूरपुर क्षेत्र के अनेक युवा पहलवानी में काफी ऊंचा स्तर रखते हैं उनके खेल को और ज्यादा निखारने के लिए लंबानाल में 15 लाख की राशि से आधुनिक सुविधाओं से युक्त अखाड़े का निर्माण किया जा रहा है।  दंगल में रोमांचक कुश्तियों का दौर चला। डेढ़ लाख की झंडी बड़ी माली के लिए साभा कुहाली व नासिर कुरैशी दिल्ली के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। अंत में अंकों के हिसाब से साभा ने बाजी मारी और साभा पहलवान को 81 हजार की नकद राशि व कुरैशी को 71 हजार की राशि इनाम में दी गई। छोटी माली में भोला और भूपिंद्र को संयुक्त विजेता घोषित करते हुए 35 और 25 हजार की राशि नकद दी गई। इस मौके पर विधायक अजय महाजन ने छिंज कमेटी को अपनी ओर से 51 हजार, विशेष अतिथियों में शामिल संगठन जिला कांग्रेस नूरपुर के अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया ने 51 हजार, पंचायतीराज विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम पठानिया ने 21 हजार व ब्लॉक समिति नूरपुर के अध्यक्ष संदेश डढवाल ने 21 हजार की राशि अपनी ओर से कमेटी को प्रदान की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App