आयरन की कमी न करें नजरअंदाज

By: Aug 12th, 2017 12:05 am

भोजन में खासकर हरी पत्तेदार सब्जियां, चुकंदर, कद्दू, शकरकंदी, नारियल, सोयाबीन आदि जरूर शामिल हो। फॉलिक एसिड की कमी से भी महिलाएं थकान महसूस करती हैं। फॉलिक एसिड नई कोशिकाओं को विकसित करता है…

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कामकाजी महिलाएं हों या गृहिणियां हमेशा अपने स्वास्थ्य को इग्नोर करती हैं। वे दिन भर इतनी व्यस्त रहती हैं कि उन्हें खुद पर ध्यान देने का मौका ही नहीं मिलता। कई बार उन्हें थकान महसूस होती है, मगर ज्यादा काम का बहाना बना कर वे उसे नजरअंदाज कर देती हैं। जबकि अकसर थकान का आभास होना शरीर में आयरन की कमी होने का संकेत होता है। यदि ज्यादा समय तक इस स्थिति को नजरअंदाज किया जाए, तो धीरे-धीरे शरीर में खून की कमी होने लगती है और महिलाएं एनीमिया से ग्रस्त हो जाती हैं। उनके हिमोग्लोबिन का स्तर नीचे चला जाता है। ऐसे में छोटी से छोटी बीमारी से भी उन्हें बचाना मुश्किल हो जाता है।

आयरन की कमी पड़ सकती है भारी- दरअसल एनीमिया एक बड़ी समस्या है। इस से भारत ही नहीं, पूरा विश्व जूझ रहा है। भारत में हर 3 महिलाओं में 1 महिला एनीमिक है। यह कमी 15 से 49 साल की महिलाओं में अधिक है।  व्यस्त महिलाएं न तो समय पर भोजन करती हैं और न ही सही डाइट लेती हैं।  उन्हें लगता है कि समय के साथ-साथ जब उन्हें आराम मिलेगा वे स्वस्थ हो जाएंगी। पर क्या वह ऐसा कर पाती हैं? नहीं उन का आत्मविश्वास जवाब देने लगता है। वैज्ञानिक मानते हैं कि महिलाओं में थकान पुरुषों की अपेक्षा 3 गुना अधिक होती है और उन की यह थकान उनके लिए एक अलार्म है कि उनके शरीर में आयरन की कमी हो रही है। इस बारे में  थैरेपिस्ट डा. मीता बाली बताती हैं कि अधिकतर महिलाएं बच्चे होने के बाद अपनी जिम्मेदारी केवल बच्चों की परवरिश और पति की देखभाल को ही समझती हैं। उन्हें अपना ख्याल तब आता है जब वे थकान महसूस करती हैं। कुछ महिलाएं तो मानसिक रूप से इतनी डिप्रेस्ड होती हैं कि वे अपनी थकान के लिए अपने पति और परिवार वालों को दोषी मानती हैं और उन्हें अपनी परेशानियां नहीं बताती। अगर महिलाएं अपने आप को थोड़ा समय दें, साल में 1 बार अपनी जांच करवाएं तो अपने अंदर  विटामिन और मिनरल की कमी को जान कर वे आसानी से सप्लिमेंट ले सकती हैं। अगर वे ऐसा कम उम्र से शुरू कर देती हैं तो 50 के बाद भी वे मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ महसूस कर सकती हैं।

आयरन की कमी के मुख्य लक्षण – महिलाओं में आयरन की कमी के कई कारण होते हैं, जिन से उन्हें थकान महसूस होती है। वैसे थकान सामान्य समस्या है, लेकिन इसे नजरअंदाज करना ठीक नहीं इस के प्रारंभिक लक्षण निम्न हैं । किसी काम में मन न लगना।  बार-बार लेटने की इच्छा होना। खाना खाने की इच्छा न होना।  बिना वजह चिड़चिड़ापन होना। नाखूनों का टूटना। बालों का झड़ना।  अधिक थकान से सिरदर्द और कमजोरी के चलते चेहरे की ताजगी का लुप्त हो जाना।

ऐसे करें आयरन की कमी पूरी- अपने खान-पान में आयरन युक्त आहार लेने के साथ-साथ महिलाएं बाजार में उपलब्ध आयरन सप्लिमेंट्स का भी प्रयोग कर सकती हैं। शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं की कमी से एनीमिया होता है। लाल रक्त कोशिकाएं मस्तिष्क को ऊर्जा प्रदान करती हैं। इसमें आयरन युक्त भोजन लेने की जरूरत होती है। भोजन में खासकर हरी पत्तेदार सब्जियां, चुकंदर, कद्दू, शकरकंदी, नारियल, सोयाबीन आदि जरूर शामिल हो। फॉलिक एसिड की कमी से भी महिलाएं थकान महसूस करती हैं। फॉलिक एसिड नई कोशिकाओं को विकसित करता है। यह हर महिला के लिए जरूरी होता है। हर उम्र में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण और एनीमिया से बचाव के लिए यह जरूरी होता है। फॉलिक एसिड महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर और कोलोन कैंसर की आशंका को कम करता है। आयरन और फॉलिक एसिड प्राकृतिक रूप से पाने के लिए सही मात्रा में हरी पत्तेदार सब्जियां, साबुत दालें और फल खाने की जरूरत होती है। आयरन और फॉलिक एसिड की कमी से शरीर का मैटाबॉलिज्म सही तरीके से काम नहीं करता, जिस के कारण शरीर की ऊर्जा तेजी से खत्म हो जाती है और महिलाएं थकान महसूस करती हैं,

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App