कांग्रेस में शुरू हुआ हस्ताक्षर युद्ध

By: Aug 30th, 2017 12:05 am

NEWSNEWSशिमला— हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में अब शह व मात के खेल के तहत हस्ताक्षर अभियान शुरू हुआ है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह समर्थक अपना पलड़ा भारी बता रहे हैं, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थकों ने नए विस्फोट की तैयारी की है। ऐसे सभी समर्थकों के हस्ताक्षर पार्टी हाइकमान को सौंपे जा रहे हैं, जो वीरभद्र सिंह को फिर से मुख्यमंत्री घोषित करने के पक्षधर हैं, जबकि कई विधायक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के हक में ताल ठोंक रहे हैं। हालांकि इनकी सही संख्या का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। दोनों पक्षों के सूत्रों ने अलग-अलग दावे किए। सुक्खू समर्थकों ने दावा किया कि 21 विधायकों ने सुक्खू के समर्थन, जबकि दूसरे गुट ने दावा किया कि 27 विधायकों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समर्थन में पत्र हाइकमान को सौंपा है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंगलवार को दिल्ली रवाना हुए हैं। दिनभर उन्होंने अपने कानूनी सलाहकारों से अपने आवास पर ही विचार-विमर्श किया। सूचना के मुताबिक फोन पर उन्होंने प्रदेश कांग्रेस पार्टी मामलों के प्रभारी सुशील कुमार शिंदे से भी बातचीत की है। मुख्यमंत्री 31 अगस्त को शिमला लौटेंगे, जिसके बाद आगामी दो दिन यानी पहली व दो सितंबर को चंडीगढ़ में रहेंगे। वहां उन्होंने किसी शादी-समारोह में शामिल होना है। इसके बाद उनका आगामी शेड्यूल जारी किया जाएगा। मुख्यमंत्री से जुड़े सूत्रों के मुताबिक संगठन मामलों पर मुख्यमंत्री की राय अभी बदली नहीं है। संगठन में बदलाव को लेकर वीरभद्र सिंह एक-दो दिन में पार्टी हाइकमान से भी मुलाकात कर सकते हैं। उनका कहना था कि प्रदेश पार्टी मामलों के प्रभारी सुशील कुमार शिंदे को पहले ही वीरभद्र समर्थकों ने अपनी राय से वाकिफ करवा दिया था। अब पार्टी हाइकमान से मिलकर पूरी स्थिति बारे जानकारी दी जाएगी। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने चुनाव क्षेत्र नादौन में जुटे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कई विधायकों ने उनके अच्छे कार्य को सराहते हुए संयुक्त हस्ताक्षरित पत्र भी तैयार किया है। इसे आलाकमान को भेजने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री को मनाने में जुटी हाइकमान

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को मनाने के लिए हाइकमान भी प्रयासरत बताई जा रही है। इसी कड़ी में सुशील कुमार शिंदे को उनसे फिर बातचीत करने के लिए कहा गया है। देखने वाली बात यह होगी कि चुनावी तैयारियों के बीच पार्टी आलाकमान क्या मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की मांग के अनुरूप संगठन में बड़े बदलाव के लिए तैयार होगी या नहीं।

पहले भी मनवाते रहे हैं अपनी बात

पिछले विधानसभा चुनावों से पहले वीरभद्र सिंह ने पार्टी हाइकमान से अपनी बात मनवाई थी। उस दौरान कौल सिंह ठाकुर को अध्यक्ष पद छोड़ना पड़ा था। वीरभद्र सिंह को न केवल अध्यक्ष बनाया गया था, बल्कि उन्हीं के नेतृत्व में चुनाव लड़ने के साथ- साथ उन्हें सीएम भी प्रोजेक्ट किया गया था। उनके समर्थक फिर यही मांग कर रहे हैं।

आय से अधिक संपत्ति मामले की सुनवाई आज

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों पर आधारित मामले की सुनवाई बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट में होगी। इसी सिलसिले में कुछ मंत्रियों व विधायकों के भी दिल्ली पहुंचने की सूचना है। राजनीतिक गलियारों की भी नजरें अदालती फैसले पर टिकी हैं।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App