जमीनी विवाद ने उजाड़ी मक्की

By: Aug 3rd, 2017 5:11 pm

LOGO1 दौलतपुरचौक- एक ओर जहां किसान मक्की की फसल को जंगली जानवरों व आवारा पशुओं से बचाने में लगे हुए हैं, वहीं दौलतपुर चौक के तहत गांव जोह में मक्की की फसल की बीजाई ही विवाद का कारण बन गई। एक परिवार द्वारा दूसरे परिवार द्वारा बीजी गई मक्की की फसल जबरदस्ती ही काट दी है। इससे एक परिवार को नुकसान हुआ है। पुलिस के समक्ष मामला पहुंच गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जोह गांव के एक किसान ने करीब बीस कनाल जमीन पर मक्की की फसल की बीजाई की थी और फसल भी बहुत अच्छी थी। जमीनी विवाद के चलते किसान की लगभग बीस कनाल भूमि में उगी फसल बर्बाद कर दी। बताया जा रहा है कि जमीन बंटवारे का मामला न्यायालय में पहले से ही विचाराधीन है। वहीं, विवाद होने के चलते एक पक्ष द्वारा मक्की की फसल ही बर्बाद कर दी। एक पक्ष के किसान देसराज ने अपनी शिकायत पुलिस मे दर्ज करवाई है। एक पक्ष के अनुसार दूसरे पक्ष के लोग अपने साथ कुछ लोग लेकर आए तथा उनकी हरी-भरी फसल को बर्बाद कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छह लोग लाठियों बगैरह से लैस होकर खेत में आए। करीब 15 मिनट में ही पूरी फसल बर्बाद कर फरार हो गए। किसान ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उन्हें न्याय दिलाया जाए, साथ ही नुकसान के तौर पर करीब 50 हजार रुपए के मुआवजे की भी मांग की है। इसके अलावा मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ भी उचित कार्रवाई की मांग उठाई है। उधर, दौलतपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र पठानिया ने कहा कि पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App