देश की मंडियों का सुलतान हिमाचली सेब

By: Aug 3rd, 2017 12:15 am

जुलाई में 15 हजार टन से ज्यादा पहुंची खेप, और बढ़ेगी आवक

newsभुंतर — प्रदेश को सालाना चार हजार करोड़ की आमदनी देने वाले हिमाचली सेब से देश भर की मंडियां लबरेज होने लगी हैं। कश्मीरी सेब के मार्केट में आने से पहले प्रदेश की फसल ने देश भर की मंडियों पर कब्जा कर लिया है और हर रोज एक हजार टन से अधिक खेफ मार्केट में पिछले एक सप्ताह से पहुंच रही है। प्रदेश के सेब की बादशाहत के आगे बराबरी की टक्कर देने वाला पड़ोसी राज्य उत्तराखंड का सेब भी पिछड़ने लगा है। मार्केट बोर्ड के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जुलाई माह में प्रदेश की मंडियों से करीब 15 हजार टन से भी अधिक सेब की फसल प्रदेश की मंडियों के जरिए देश की मंडियों तक पहुंची है। जानकारी के अनुसार पिछले एक सप्ताह से प्रदेश भर की मंडियों में हर रोज एक हजार टन से भी अधिक की फसल पहुंच रही है, जो आने वाले दिनों में कई गुना बढ़नी तय है। इसके अलावा पड़ोसी राज्य उत्तराखंड की बात करें तो यहां पर प्रदेश के मुकाबले बहुत कम फसल मार्केट में पहुंची है। देश में सबसे बड़े सेब उत्पादक राज्य जम्मू-कश्मीर में भी सेब की अर्ली वैरायटी बाजार तक पहुंचने लगी है। हालांकि यहां पर अभी तक सीजन की मात्र शुरुआत ही हुई है और नाममात्र ही फसल अभी तक मार्केट में पहुंची है। सेब कारोबारियों के अनुसार अभी तक देश भर की मंडियों में हिमाचली सेब ही नजर आ रहा है। हालांकि प्रदेश के बागबानों की सबसे पहली पसंद दिल्ली की आजादपुर मंडी ही बनी हुई है। मार्केट बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार जुलाई माह में मंडियों में पहुंचे कुल सेब में से करीब 50 फीसदी सेब अकेली दिल्ली मंडी में ही पहुंचा है। उत्तरी भारत के अन्य राज्यों में भी हिमाचल का सेब पहुंच रहा है। इसी बीच सेब के दामों की कम फसल से परेशान बागबानों को बेहतर दामों ने जरूर राहत प्रदान की है। देश भर की मंडियों मे जुलाई माह में 100 रुपए प्रति किलो के पार रहा, तो प्रदेश की विभिन्न मंडियों में इस दौरान सेब को 80 रुपए तक के दाम प्राप्त हुए। राज्य मार्केट बोर्ड के प्रबंध निदेशक एचएस बाबेजा की मानें तो हिमाचल का सेब जुलाई में तैयार हो जाता है और इस दौरान देश भर की मंडियों में इसका बोलबाला रहता है। यह सिलसिला अगस्त में भी देखने को मिलता है। उनके अनुसार इस बार सेब के दाम उत्पादकों को मालामाल कर रहे हैं।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App