हरोली में शुरू ही नहीं हुई पथ यात्रा

By: Aug 4th, 2017 12:01 am

कांग्रेस संगठन में चल रही रार का असर ऊना में भी, सुक्खू के कार्यक्रमों की नजरअंदाजी

ऊना – प्रदेश सरकार व कांग्रेस संगठन में चल रही रार का असर ऊना में भी देखने को मिल रहा है। शिमला में प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव सुशील कुमार शिंदे के आगमन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के विरुद्ध नारेबाजी कर वीरभद्र खेमे ने तेवर स्पष्ट किए हैं, वहीं जिला ऊना में वीरभद्र कैंप के सिपहसालार सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कार्यक्रमों को भी नजरअंदाज करने में तुले हैं। कोटखाई प्रकरण के चलते शिमला जिला को छोड़ प्रदेश के अन्य सभी 11 राज्यों में प्रदेश कांग्रेस ने पथ यात्रा शुरू कर रखी है। इसके तहत अधिकांश ब्लॉकों में प्रथम चरण में एक-तिहाई गांव का भी दौरा कर लिया गया है। जिला ऊना में भी हरोली विस क्षेत्र को छोड़ अन्य चारों विस क्षेत्रों में पथ यात्रा का पहला चरण पूरा हो चुका है, वहीं दूसरे चरण में भी गांव-गांव जनसंपर्क का दौर जारी है। हरोली विस क्षेत्र में पथ यात्रा कार्यक्रम शुरू ही नहीं किया गया। अभी तक इसके लिए कोई कार्यक्रम ही तय नहीं है। प्रदेश सरकार में उद्योग मंत्री व हरोली से विधायक मुकेश अग्निहोत्री लगातार अपने विस क्षेत्र में एक दिन-एक गांव कार्यक्रम चलाकर जनता से सीधे संपर्क में हैं, लेकिन प्रदेश कांग्रेस के पथ यात्रा कार्यक्रम को तवज्जो न देकर हरोली कांग्रेस ने सीधे-सीधे वीरभद्र कैंप की मंशा को जगजाहिर किया है। राष्ट्रीय कांग्रेस सचिव व गगरेट विस क्षेत्र के विधायक राकेश कालिया हालांकि अभी तक इसमें स्वयं शामिल नही हुए, लेकिन गगरेट ब्लॉक कांग्रेस के बैनर तले कांग्रेस नेता गगरेट विस क्षेत्र में इसे चलाए हुए हैं। चिंतपूर्णी से विधायक व प्रदेश वित्तायोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार स्वयं अपने क्षेत्र में पथ यात्रा की अगवाई कर लोगों तक पहुंच रहे हैं। एनएसयूआई अध्यक्ष व जिला परिषद सदस्य करुण शर्मा तथा कांगड़ा बैंक के निदेशक राजीव गौतम ने पथ यात्रा से दूरी ही बनाई हुई है। राजीव गौतम ने अपना अलग ही हस्ताक्षर अभियान चलाया हुआ है, जबकि करुण शर्मा ने पूरे क्षेत्र में अपने पोस्टर, होर्डिंग्ज चस्पां कर राजनीति को आगे बढ़ाया है।

यहां ‘सन्यासी’ भी शामिल

प्रदेश कांग्रेस सचिव विवेक शर्मा, रविंद्र फौजी, बलदेव कुटलैहडि़या, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला शर्मा व अन्य नेताओं के साथ-साथ चुनावी राजनीति से सन्यास लेने की घोषणा कर चुके पूर्व उपाध्यक्ष रामनाथ शर्मा भी पथ यात्रा में शामिल हो रहे हैं।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App