एक नजर

By: Sep 1st, 2017 12:02 am

अमरीका में अब तक 37 की मौत

हॉस्टन — अमरीका में उष्णकटिबंधीय तूफान हार्वे ने टेक्सास प्रांत में भारी तबाही मचाने के बाद दक्षिण-पूर्वी लूजियाना प्रांत में दस्तक दे दी है। तूफान हार्वे के कारण टेक्सास के हॉस्टन शहर में पिछले कई दिनों तक भारी बारिश हुई, जिसके कारण हजारों लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों में शरण लेनी पड़ी। अमरीका में आए इस भयंकर तूफान के कारण अब तक कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई है और लगभग 32 हजार लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

गो एयर के प्लेन की एमर्जेंसी लैंडिंग

नई दिल्ली — कोच्चि से मुंबई जा रहे गो एयर के विमान के इंजन में खराबी के कारण उसे आपात स्थिति में गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे पर गुरुवार को उतारना पड़ा। विमान में 166 यात्री सवार थे। एयरलाइन ने बयान में बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार कर गुरुवार सुबह एक अन्य विमान से मुंबई भेज दिया गया है। उड़ान संख्या जी8 345 ने बुधवार रात करीब पौने आठ बजे कोच्चि से उड़ान भरी थी। इसे बुधवार रात 9ः40 बजे मुंबई पहुंचना था। रास्ते में इंजन खराब होने की वजह से इसे गोवा में उतारना पड़ा।

राजीव गाबा ने कार्यभार संभाला

नई दिल्ली — भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी राजीव गाबा ने गुरुवार को केंद्रीय गृह सचिव का कार्यभार संभाल लिया। झारखंड से 1982 कैडर के श्री गाबा को श्री राजीव महर्षि के स्थान पर गृह सचिव बनाया गया है। उनका कार्यकाल दो वर्ष निश्चित होगा। श्री गाबा को दो माह पहले गृह सचिव नियुक्त किया गया था। उन्हें 27 जून को गृह मंत्रालय में विशेष कर्त्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था।

महेंद्र नाथ पांडेय यूपी बीजेपी अध्यक्ष

लखनऊ — भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्रीय राज्य मंत्री तथा सांसद महेंद्र नाथ पांडेय को उत्तर प्रदेश बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्हें यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की जगह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है ,जो अभी तक यह प्रभार संभाल रहे थे। यूपी की चंदौली सीट से सांसद तथा केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय के प्रदेश अध्यक्ष का प्रभार तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App