केस की जांच अब होगी आसान

By: Sep 25th, 2017 12:01 am

हाइटेक पुलिस विभाग जांच अधिकारियों के लिए तैयार करेगा मोबाइल ऐप

शिमला  – समय बदल गया है, तो हिमाचल पुलिस भी बदल रही है। सूचना क्रांति के इस युग में अब हिमाचल पुलिस भी हाइटेक हो रही है। इसी कड़ी में अब पुलिस विभाग अपने जांच अधिकारियों के लिए मोबाइल ऐप तैयार कर रहा है। इसमें भारतीय दंड सहिता, सीआरपीसी सहित तमाम कानूनों की संक्षिप्त जानकारी मिलेगी। यानी किसी केस में कौन सी धारा लगाई जाए और इस केस की किस तरह से जांच हो, ये सब अब मोबाइल ऐप से जांच अधिकारी जान सकेंगे। मोबाइल ऐप दोनों भाषाओं, हिंदी और अंग्रेजी में रहेगी, ताकि पुलिस अधिकारी अपनी सुविधा के अनुसार इसका इस्तेमाल कर सकें। हिमाचल में हर साल करीब 17 हजार के करीब एफआईआर थानों में दर्ज होती हैं। कोई भी शिकायत आने पर थाने में केस दर्ज किया जाता है। इसके बाद यह केस जांच के लिए पुलिस जांच अधिकारियों को दिया जाता है, लेकिन इन जांच अधिकारियों की सबसे बड़ी दिक्कत कानूनों की जानकारी के अभाव की रहती है। किसी केस को किस तरह से जांचा जाए और इसका एसओपी यानी स्टैंड आपरेटिंग प्रोसिजर क्या है, इस बारे में जानकारी का अभाव पुलिस जवानों और अधिकारियों को रहता है। वैसे भी पुलिस जांच अधिकारी हर वक्त अपने साथ आईपीसी, सीआरपीसी या अन्य कानून की जानकारी वाली किताबें साथ नहीं रख सकते। कई बार केसों में लगने वाली विभिन्न धाराओं पर भी ध्यान नहीं दिया जाता। इससे ये केस अदालत में भी टिक नहीं पाते। मसलन एनडीपीएस केसों में कई बार देखा गया है कि कई जांच अधिकारी एनडीपीएस एक्ट की धारा-42 और 50 का ध्यान नहीं रखते। सभी समस्याओं को देखते हुए पुलिस विभाग अब एक मोबाइल ऐप तैयार कर रहा है।

ऐप में होगी हर धारा की जानकारी

ऐप में विभिन्न केस के संबंध में लगने वाली विभिन्न धाराओं की जानकारी होगी। जांच अधिकारियों के पास केवल स्मार्टफोन की जरूरत रहेगी, जो कि आम बात है। पहले हिमाचल पुलिस ने आम लोगों की मदद के लिए भी एक मोबाइल ऐप तैयार की है। दूसरी मोबाइल ऐप विभाग अधिकारियों के लिए तैयार कर रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App