गरसाहड़ में युवती पर झपटा तेंदुआ

By: Sep 20th, 2017 12:07 am

newsभोरंज  – उपमंडल की पंचायत गरसाहड़ के गांव गरसाहड़ में तेंदुए ने 24 वर्षीय युवती को घायल कर दिया है। इससे क्षेत्र में खौफ का माहौल है। हालांकि युवती की टांग में खरोंचें ही आई हैं, फिर भी लोग डरे व सहमे हुए हैं। गौरतलब है कि गरसाहड़ गांव की तनुजा शर्मा पुत्री सुभाष शर्मा भरेड़ी से गरसाहड़ की ओर शाम के समय घर जा रही थी कि घात लगाए तेंदुए ने उस पर हमला बोल दिया। उसके चाचा तेजनाथ शर्मा भी उसके साथ ही कुछ दूरी पर चल रहे थे। जैसे ही तेंदुआ ने तनुजा पर हमला किया,  लड़की ने भी साहस का परिचय देते हुए तेंदुए को पकड़ लिया। लड़की व उसके चाचा तेजनाथ ने भी उसे पकड़ लिया, लेकिन तेंदुए ने जोर से छलांग लगाई और भाग गया। इसी बीच लड़की और उसके चाचा की आवाजों को सुनकर ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। तेंदुए के साथ संघर्ष में तनुजा की टांग में खरोंचें आई हैं। युवती का प्राथमिक उपचार किया गया है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पिंजरे लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अब उन्हें अंधेरे में जाने से डर लग रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खेती का काम सिर पर होने से उन्हें झुंड बनाकर खेतों में काम करने और घासनियों में घास काटने जाना पड़ रहा है। शाम को अंधेरा होने पर तेंदुए के खौफ से ग्रामीणों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों में गरसाहड़ पंचायत प्रधान ईश्वर दास, सुभाष चंद शर्मा, तेज नाथ शर्मा, सुनीता, गीता, प्रमिला, प्रीतम, यशवंत, सुनील, राज, राकेश, रजनीकांत, सतीश, गीता इत्यादि का कहना है कि शीघ्र क्षेत्र में पिंजरे लगाए जाएं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App