चुनावों की भेंट न चढ़ जाएं योजनाएं

By: Sep 21st, 2017 12:05 am

बसंतपुर में मुख्यमंत्री की घोषणाओं से  जगी आस के बाद क्षेत्रवासी भी हुए निराश

 सुन्नी— शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड बसंतपुर की पंचायत बसंतपुर में मुख्यमंत्री द्वारा घोषित योजनाएं सिरे नहीं चढ़ पाई है, जिससे क्षेत्रवासियों में चिंता बनी हुई है। विस चुनाव के लिए बहुत कम समय रहने के कारण कभी भी चुनाव की घोषणा होने से आचार संहिता लग सकती है। क्षेत्रवासियों में अंदेशा है कि ऐसे में सारी योजनाएं धरी की धरी रह सकती हैं। बसंतपुर पंचायत विकास खंड बसंतपुर की जनसंख्या और क्षेत्रफल के लिहाज से सबसे बड़ी पंचायत में से एक है। राजधानी के नजदीक होने के बाद भी पंचायत विकास में पिछड़ी हुई है। क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पंचायत का दौरा करने के बाद कई घोषणाएं की। इनमें बसंतपुर में बहुतकनीकी महाविद्यालय खोलने की घोषणा सबसे अहम रही, जिससे क्षेत्रवासियों में अपार हर्षोल्लास देखने को मिला। मई, 2016 में हुई उक्त घोषणा अभी भी कागजो में ही सिमटी हुई है। हालांकि इसके लिए जगह का चयन भी किया जा चुका है। सूत्रों के अनुसार जगह को पर्यावरण मंजूरी नहीं मिल पाने से मामला लटका हुआ है। हालांकि 21 सितंबर को मुख्यमंत्री का तहसील सुन्नी का दौरा है, जिसमें मुख्यमंत्री विभिन्न प्रकार की योजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे। बसंतपुर पंचायत में मुख्यमंत्री का इस प्रकार का कोई भी अधिकारिक कार्यक्रम न होने के कारण क्षेत्रवासियों में मायूसी है। जानकारी के अनुसार बहुतकनीकी महाविद्यालय के अलावा बसंतपुर विद्यालय में साइंस ब्लॉक, बसंतपुर से बड़मेहन मार्ग को बस योग्य बनाने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को संचालित करने जैसी योजनाएं सिरे नहीं चढ़ पाई। इससे क्षेत्रवासियों में मायूसी है। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि पंचायत को मुख्यमंत्री ने जो सौगातें प्रदान की हैं, यदि वे सिरे चढ़ पाती है, तो पंचायत का पिछड़ापन दूर हो सकता है। प्रतिनधियों ने संभावना जताई है कि चुनाव से पहले ही सारी योजनाएं सिरे चढ़ जाएंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App