दूसरों की खुशी में बनो सहभागी

By: Sep 11th, 2017 12:05 am

चंबा —  स्टाफ रिपोर्टर, चंबा निरंकारी मंडल के साप्ताहिक सत्संग में रविवार को निरंकारी महात्मा दुनी चंद ने मिशन का संदेश दिया। महात्मा ने प्रवचनों की अमृतवर्षा करते हुए कहा कि न केवल परमात्मा को जानना बल्कि परमात्मा की मानना भी जरूरी है। परमात्मा की मानने में तभी आनंद है जब हम परमात्मा को जान लेते हैं। इसीलिए कहा गया है कि पहले जानो फिर मानो। महात्मा ने कहा कि परमात्मा कण-कण में व्याप्त है। इसका बोध पूर्ण गुरु द्वारा ही संभव है। मगर परमात्मा के बोध का सही आनंद तभी आता है जब हम सदगुरु के बताए रास्ते पर चल पाएं।  उन्होंने कहा कि सदगुरु का यहीं संदेश है कि गृहस्थ जीवन में रह कर ही इंसानियत की सेवा करें। दूसरों के दुःख बांटे वहीं दूसरों की खुशी में भी सहभागी बने। ईश्वर को वह लोग प्रिय हैं जो इन्सानियत से प्यार करते हैं। परोपकारी जीवन जीते हैं और जहां भी मौके मिले दूसरों के हमदर्द बनने के प्रयास में रहते हैं।  महात्मा ने कहा कि सद्गुरु से परमात्मा को बोध करके हम ब्रह्मज्ञानी अर्थात निरंकारी तो कहलाते हैं मगर वास्तविक निरंकारी हम तभी कहलाते हैं जब सद्गुरु के उपदेशों का अनुसरण करते हैं। इससे पूर्व अन्य अनुयायियों ने विचारों और भजनों के माध्यम से निरंकारी मिशन का प्रचार एवं गुणगान किया। साप्ताहिक सत्संग का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App